- राजकीय महाविद्यालय आहोर के नशा मुक्ति केंद्र में प्रथम विशेष व्याख्यान आयोजित
जालोर. राजकीय महाविद्यालय आहोर के नशा मुक्ति केंद्र में शनिवार को प्रथम विशेष व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ भी ली।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान से मुख्य वक्ता संतोषी बहन को आमंत्रित किया गया। उन्होंने नशे को व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी गंभीर समस्या बताते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों, शिक्षा, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। नशे की शुरुआत छोटी आदत से होकर धीरे-धीरे गंभीर समस्या का रूप ले सकती है, इसलिए शुरुआत में ही इससे दूरी बनाना जरूरी है।
नशा मुक्ति केंद्र प्रभारी डॉ. अशोक कुमार खोरवाल ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है।
विज्ञापन
राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी संदीप कुमार बाबल ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए नशामुक्ति केंद्र की गतिविधियों एवं पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से बचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता है। असिस्टेंट प्रोफेसर प्रतिमा गहलोत ने नशे के दुष्प्रभावों के अंतर्गत मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को भी गंभीरता से लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि मोबाइल का जरूरत से ज्यादा उपयोग भी विद्यार्थियों के दैनिक जीवन, अध्ययन और सामाजिक व्यवहार को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल के अनावश्यक एवं अत्यधिक उपयोग से दूरी बनाकर उसका उपयोग आवश्यकता और सकारात्मक कार्यों के लिए करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देने के साथ उन्हें नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद उपस्थित विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली और स्वयं नशे से दूर रहने के साथ आसपास के क्षेत्र को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नरेंद्र सोनी, महेंद्र कुमार सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।