जालोर । राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव, 2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने जिले में जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य तथा ग्राम पंचायतों के पंच एवं सरपंच पदों के लिए द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ चरण में होने वाले मतदान को देखते हुए निर्धारित क्षेत्रों में चरणवार सूखा दिवस घोषित किया है।

 विज्ञापन

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संबंधित पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत क्षेत्रों के साथ उनसे लगते हुए 5 किलोमीटर की परिधि में सूखा दिवस प्रभावी रहेगा। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण के तहत आहोर, जालोर, भाद्राजून, सायला, भीनमाल, उम्मेदाबाद एवं जसवंतपुरा पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव के लिए 26 अक्टूबर को सायं 6 बजे से 28 अक्टूबर को सायं 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। वहीं संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्रों में पंच एवं सरपंच चुनाव के लिए 28 अक्टूबर को सायं 6 बजे से 30 अक्टूबर को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस प्रभावी रहेगा।

इसी प्रकार तृतीय चरण के तहत सांचोर, चितलवाना, भादरूणा एवं सरवाना पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव के लिए 1 नवंबर को सायं 6 बजे से 3 नवंबर को सायं 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्रों में पंच एवं सरपंच चुनाव के लिए 3 नवंबर को सायं 6 बजे से 5 नवंबर को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस प्रभावी रहेगा। वहीं चतुर्थ चरण के तहत रानीवाड़ा, बागोड़ा एवं सरनाऊ पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव के लिए 12 नवंबर को सायं 6 बजे से 14 नवंबर को सायं 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्रों में पंच एवं सरपंच चुनाव के लिए 14 नवंबर को सायं 6 बजे से 16 नवंबर को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस प्रभावी रहेगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर, 2026 को निर्धारित है। संबंधित क्षेत्रों में मतगणना के दौरान भी नियमानुसार सूखा दिवस प्रभावी रहेगा।