- आहोर व सायला सामान्य व उम्मेदाबाद एससी ओपन के बावजूद कांग्रेस को महिला प्रत्याशी की करनी पड़ रही है कोशिश
जालोर. पंचायतराज चुनाव के तहत पंचायत समितियों व जिला परिषद में मिले भारी बहुमत से जालोर जिले में कांग्रेस फुले नहीं समा रही है, लेकिन कुछ जगह कांग्रेस के लिए बिछाई गई बिछात काम नहीं आई और समीकरण गड़बड़ा गए। जिस कारण कुछ निर्णय मजबूरी में लेने पड़ सकते हैं। दरअसल, जालोर जिले की 14 पंचायत समितियों में से 13 पंचायत समितियों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। जहां कांग्रेस अपना प्रधान बनाने की तैयारी में जुट गई है, लेकिन आहोर , सायला व उम्मेदाबाद पंचायत समिति ने कांग्रेस के गुणा भाग बदल दिए हैं। यहां प्रधान पद महिला के लिए आरक्षित न होते हुए भी महिला सदस्य को प्रधान बनाना मजबूरी बनता दिख रहा है। आहोर व जालोर विधानसभा क्षेत्र की पांचों समितियों में से जालोर सामान्य महिला व नवसृजित भाद्राजून पंचायत समिति में एससी महिला के लिए पद आरक्षित है, लेकिन आहोर, सायला व नवसृजित उम्मेदाबाद महिला के लिए आरक्षित न होते हुए वर्तमान समीकरणों के मुताबिक कांग्रेस को महिला प्रत्याशी प्रधान के लिए मैदान में उतारना पड़ रहा है।
अपेक्षित उम्मीदवार हार गए चुनाव
यूं तो चुनाव में कुछ भी पहले तय नहीं होता, लेकिन जिस हिसाब से रणनीति बनाई जाती है उस लिहाज से कांग्रेस के पूर्व में अपेक्षित उम्मीदवार सदस्य का चुनाव हार गए। जालोर सामान्य महिला व भाद्राजून एससी महिला के लिए आरक्षित होने पर यहां प्रधान महिला का बनना आरक्षित है, लेकिन आहोर, सायला व उम्मेदाबाद में समीकरण बिगड़ गए। सूत्रों के मुताबिक आहोर व सायला पंचायत समिति का प्रधान पद सामान्य के लिए आरक्षित है, वहीं उम्मेदाबाद एससी ओपन है। इस कारण आहोर में प्रधान बनाने की मंशा लेकर कांग्रेस ने जिला उपाध्यक्ष व भीनमाल से पूर्व में विधानसभा प्रत्याशी रहे उमसिंह राठौड़ को पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़वाया। उन्होंने कड़ी मेहनत भी की, लेकिन खुद चुनाव हार गए। ऐसे में अब उमसिंह वार्ड 17 से सदस्य बनी अपनी मां पोनी देवी को आहोर का प्रधान बनाने के लिए ताल ठोक रहे हैं।
विज्ञापन
आहोर में कांग्रेस 17 में से 12 सीट जीत चुकी है, इसलिए कांग्रेस के लिए राह आसान भी लग रही है। इसी प्रकार सायला पंचायत समिति की सामान्य सीट पर ईश्वरसिंह, पनेसिंह, हमीराराम देवासी व सुनील चौधरी में से किसी एक को प्रधान बनाने की कोशिश थी, लेकिन चारों प्रत्याशी सदस्य का चुनाव हार गए, ऐसे में कांग्रेस को अब प्रधान पद के लिए किसी मजबूत महिला सदस्य पर दांव लगाना पड़ सकता है। सायला में कांग्रेस कुल 23 में से 12 सीट जीत चुकी है। जबकि भाजपा 8, आरएलपी 2 व एक सीट निर्दलीय ने जीती है। यहां सेंधमारी की आशंका बनी हुई है। इसी प्रकार नवसृजित उम्मेदाबाद पंचायत समिति में भी प्रधान पद एससी ओपन के लिए आरक्षित था। यहां कांग्रेस के पूर्व में अपेक्षित उम्मीदवार प्रत्याशी भरत मेघवाल व चंद्रशेखर प्रधान पद के प्रबल दावेदार थे, लेकिन दोनों हार गए। कांग्रेस ने कुल 15 में से 8 सीट जीती है, लेकिन एससी आरक्षित प्रधान पद के लिए महज मीनाक्षी डांगी एकमात्र उम्मीदवार ही बची है, जिस कारण कांग्रेस से प्रधान पद की उम्मीदवार महिला तय है। इस लिहाज से इन तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस के लिए नए समीकरण बन गए हैं।