• एनएसएस कार्यक्रम में सामाजिक जिम्मेदारी और कौशल विकास पर जोर

जालोर. राजकीय महाविद्यालय आहोर एवं राजकीय कन्या महाविद्यालय आहोर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में रक्तदान जागरूकता एवं राजस्थान फिनिशिंग स्कूल के अंतर्गत स्किल डेवलपमेंट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व, सामाजिक जिम्मेदारी तथा रोजगारपरक कौशल विकास के अवसरों की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर हंसराज ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। युवाओं में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाकर जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सकता है। 

विज्ञापन

राजस्थान फिनिशिंग स्कूल के टेक्निकल ऑफिसर अरित्रोदास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शैक्षणिक योग्यता के साथ रोजगारपरक कौशल विकसित करना भी जरूरी है। उन्होंने राजस्थान फिनिशिंग स्कूल के तहत संचालित स्किल डेवलपमेंट कोर्सेज की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण का लाभ उठाने की बात कही। कार्यक्रम अध्यक्ष और 

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपीकिशन चितारा ने कहा कि विद्यार्थियों का विकास केवल कक्षा और पुस्तकों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होनी चाहिए। रक्तदान जैसे जनहित के कार्यों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। कार्यक्रम अधिकारी असिस्टेंट प्रोफेसर संदीप कुमार बाबल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार खोरवाल ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में डिग्री के साथ व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल भी महत्वपूर्ण है। असिस्टेंट प्रोफेसर 

 प्रतिमा ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना से जोड़ना जरूरी है। रक्तदान जागरूकता जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज की जरूरतों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम अधिकारी संदीप कुमार बाबल ने अतिथियों के स्वागत से की। स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर हंसराज एवं राजस्थान फिनिशिंग स्कूल के टेक्निकल ऑफिसर अरित्रोदास का स्वागत किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को रक्तदान जागरूकता संबंधी शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ गोपीकिशन चितारा, असिस्टेंट प्रोफेसर संदीप कुमार बाबल, डॉ अशोक कुमार खोरवाल, प्रतिमा, नरेंद्र सोनी, गंगाबाई, उम्मेदाराम सहित महाविद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।