जालोर. मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र जालोर में चिकित्सा टीम ने बेहतर चिकित्सकीय सेवाओं एवं कुशल प्रबंधन का परिचय देते हुए जटिल परिस्थिति में सफल सामान्य प्रसव करवाया।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेदप्रकाश मीना ने चिकित्सा टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एमसीएच जालोर में प्रसूताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित प्रसव सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा टीम के समन्वित प्रयासों एवं कुशल चिकित्सकीय सेवाओं से जटिल परिस्थितियों में भी सुरक्षित प्रसव संभव हो पा रहे हैं।
विज्ञापन
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश मेवाड़ा ने बताया कि 1 नवंबर 2026 को एक प्रसूता प्रसव पीड़ा होने पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र जालोर में भर्ती हुईं। बच्चे का वजन अधिक होने के कारण अन्य अस्पताल में ऑपरेशन द्वारा प्रसव करवाने की सलाह दी गई थी। इसके बावजूद टीम के साथ चिकित्सकीय परीक्षण एवं आवश्यक सावधानियों के साथ महिला का सफल सामान्य प्रसव करवाया। प्रसूता ने 4.145 किलोग्राम वजन की स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया।
डॉ.मेवाड़ा ने बताया कि प्रसव के बाद जच्चा एवं बच्चा दोनों स्वस्थ हैं तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय देखरेख प्रदान की जा रही है। इस सफल प्रसव में सीनियर नर्सिंग ऑफिस रणछोड़ राम, सुशीला, पुष्पा एवं कांता जी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।