- जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के गावंडे ने किया रक्तदान शिविर का शुभारंभ
- मानव हित में सभी से की रक्तदान की अपील
जालोर । जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक संचालित किए जा रहे ‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान’ के तहत जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं उप-जिला अस्पतालों सहित विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में रक्तदान शिविर आयोजित हुए। इसी क्रम में गुरुवार को जिला अस्पताल, जालोर में आयोजित रक्तदान शिविर का जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
विज्ञापन
जिला कलक्टर ने आमजन, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से स्वैच्छिक रूप से रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की बात कहीं। अभियान के दौरान जिले में रक्तदान शिविरों के साथ-साथ विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन को रक्तदान के महत्व, रक्त की आवश्यकता एवं नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में अधिकारियों, कार्मिकों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदाताओं की सुविधा एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक जांच के बाद रक्त संग्रहण की प्रक्रिया संपादित की गई।
‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान’ के तहत जिले में आगामी 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए सेवा, जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा। इस दौरान चिकित्सक, मेडिकल एवं नर्सिंग स्टॉफ सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।