जालोर। जिले के नोसरा ग्राम पंचायत के खांबी सरहद में चल रहे वीबी जीरामजी कार्य का लोकपाल नैनसिंह राजपुरोहित ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लोकपाल नैनसिंह राजपुरोहित ने वहां नियोजित श्रमिकों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं व शिकायतें सुनीं। लोकपाल ने कार्यस्थल पर मौजूद महिला व पुरुष श्रमिकों से बातचीत कर उनकी कार्य परिस्थितियों का हाल जाना। उन्होंने श्रमिकों से मजदूरी भुगतान का समय, बैंक खातों में राशि के अंतरण, कार्य आवंटन की स्थिति और मजदूरी की दर जैसे मुद्दों पर चर्चा की। श्रमिकों ने अपनी दैनिक समस्याओं, कार्य माप और कार्यस्थल की चुनौतियों से लोकपाल को अवगत कराया।

विज्ञापन

लोकपाल ने कार्यस्थल पर निर्धारित सरकारी मानकों के अनुसार छाया व पानी की सुविधा और मेडिकल किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर निर्देश दिए। लोकपाल नैन सिंह राजपुरोहित ने मौके पर मौजूद मेट से भी कार्यस्थल पर श्रमिकों के कार्य माप और उन्हें मिल रही मजदूरी की दर के बारे में जानकारी ली।