• वीआईपी रेफरेंस पर मिली शिकायत के बाद प्रदूषण नियंत्रण मंडल की कार्रवाई, अग्रिम कार्रवाई जारी

जालोर. जालोर जिले के सायला तहसील के विभिन्न गांवों में बालोतरा से धुलाई के लिए आने वाले कपड़े से संबंधित गतिविधियों को लेकर राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने सख्त कार्रवाई की है। तालियाना और पूनावास गांव में कपड़े सुखाने के लिए बनाए गए अडाण एवं होदियों को ध्वस्त कर दिया गया।

क्षेत्रीय कार्यालय, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, सिरोही को 28 अगस्त 2026 को वीआईपी रेफरेंस के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया गया कि बालोतरा स्थित इकाइयों का कपड़ा धुलाई के लिए सायला तहसील के विभिन्न गांवों में लाया जाता है। धुलाई के बाद निकलने वाले पानी को आसपास तालाबनुमा गड्ढों एवं होदियों में एकत्रित किया जाता है, जिसके कारण पानी के धीरे-धीरे जमीन में परकोलेट होने से भूमि की उर्वरता एवं कृषि योग्य जमीन की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय अधिकारी विनय कट्टा के निर्देशन में 1 सितंबर 2026 को राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की टीम ने राजस्व विभाग, सायला के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

सहायक पर्यावरण अभियंता शंकरलाल बिश्नोई मय टीम ने मौके पर पहुंचकर तालियाना एवं पूनावास में कार्रवाई करते हुए कपड़े सुखाने के लिए बनाए गए अडाण एवं होदियों को ध्वस्त कर दिया।

विज्ञापन

प्रदूषण नियंत्रण मंडल की इस कार्रवाई से क्षेत्र में पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी करने वाली इकाइयों में हड़कंप मच गया। विभाग द्वारा मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए अपशिष्ट जल के निस्तारण एवं पर्यावरणीय मानकों की पालना को लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई।

अधिकारियों के अनुसार मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है। संबंधित क्षेत्रों में अन्य इकाइयों की गतिविधियों तथा अपशिष्ट जल के निस्तारण की स्थिति की भी जांच की जा रही है।

पर्यावरण एवं कृषि भूमि की सुरक्षा पर जोर

राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा पर्यावरणीय नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है। विभाग का उद्देश्य अपशिष्ट जल के अनियंत्रित निस्तारण एवं भूमि में परकोलेशन से होने वाले संभावित नुकसान को रोकना है। पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।