- एनएफएसए के अपात्र लाभार्थियों को हटाने एवं पात्र परिवारों को जोड़ने के लिए गिव-अप अभियान का द्वितीय चरण संचालित
जालोर . खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (एनएफएसए) के अपात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर योजना से हटाने तथा पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से जिले के नगर निकाय आहोर, भीनमाल एवं सांचौर में गिव-अप अभियान का द्वितीय चरण संचालित किया जा रहा है।
जिला रसद अधिकारी पुष्पराज पालीवाल द्वारा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रवर्तन अधिकारियों एवं प्रवर्तन निरीक्षकों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के तहत नगर निकायों के चिन्हित वार्डों में घर-घर जाकर राशन कार्डधारियों का सर्वे एवं भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
विज्ञापन
अभियान के दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की सूची में सम्मिलित अपात्र लाभार्थियों को स्वेच्छा से योजना से नाम हटवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अपात्र परिवारों द्वारा गिव-अप नहीं करने की दशा में उन्हें नोटिस जारी कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। वहीं, पात्र होने के बावजूद योजना की सूची से वंचित परिवारों के आवेदन करवाकर उन्हें योजना से जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी। सर्वे कार्य में उचित मूल्य दुकानदारों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों का सहयोग लिया जाएगा तथा चिन्हित परिवारों का विवरण निर्धारित प्रारूप एवं पोर्टल पर संधारित किया जाएगा।
माह में 12 दिवस होगा फील्ड सर्वे
जिला रसद अधिकारी द्वारा प्रवर्तन अधिकारियों एवं निरीक्षकों को प्रत्येक माह कम से कम 12 दिवस फील्ड सर्वे करने तथा प्रत्येक नगर निकाय वार्ड एवं क्षेत्र का सर्वे निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वे के दौरान संबंधित परिवारों की पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन करते हुए पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला रसद अधिकारी ने शहरवासियों से अपील की है कि जो परिवार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना की पात्रता नहीं रखते हैं अथवा स्वेच्छा से योजना से अपना नाम हटवाना चाहते हैं, वे नियमानुसार अपना नाम योजना से हटवा सकते है, ताकि योजना का लाभ वास्तविक पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया जा सके।