- जिले का चिकित्सा संस्थान सीएचसी भीनमाल ने राज्य स्तर पर हासिल किया प्रथम स्थान
जालोर. गर्भवती महिलाओं को प्रसव काल के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं उपचार सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस कार्यक्रम संचालित हैं। इसकी प्रभावी क्रियान्विति के परिणामस्वरूप प्रदेश में मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। इस उपलब्धि के दृष्टिगत प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में गर्भवती महिलाओं को उत्कृष्ट सेवाएं उपलब्ध करवाने वाले चिकित्सकों और चिकित्सा संस्थानों को गुरुवार को राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया गया, जिसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीनमाल ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान (सीफू) में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में अतिरिक्त मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. टी.शुभमंगला ने प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर आरसीएचओ डॉ राजकुमार बाजिया एवं बीसीएमओ डॉ. दिनेश विश्नोई को सम्मानित किया।
विज्ञापन
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ भैराराम जाणी के निर्देशन, कुशल प्रबंधन एवं नियमति मॉनिटरिंग की बदौलत गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एएनसी सेवाएं प्रदान करने, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान एवं बेहतर प्रबंधन, तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के फलस्वरूप यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। सीएचसी भीनमाल द्वारा टीम भावना के साथ किए गए सतत प्रयासों के चलते यह सफलता संभव हो पाई है।
विज्ञापन
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने संबंधित चिकित्सा टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणा का कार्य करती हैं। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार बाजिया ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत जिले में गर्भवती महिलाओं को बेहतर एएनसी सेवाएं, समय पर जांच एवं उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी भीनमाल डॉ. दिनेश विश्नोई ने बताया कि सीएचसी भीनमाल की पूरी टीम द्वारा समर्पण भाव से कार्य करते हुए यह उपलब्धि हासिल की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान कर क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।
विज्ञापन
जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा निरंतर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के प्रयासों को बल मिल रहा है।