- तृतीय चरण में पंचायत समिति सांचौर, चितलवाना, भादरूणा व सरवाना में मतदान को लेकर मतदान दलों की हुई रवानगी
जालोर. राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रमानुसार सोमवार को मतदान दलों के प्रस्थान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में नियुक्त मतदान दल सहित अधिकारी-कार्मिक निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करावें। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए मतदान प्रक्रिया पूर्ण करवाने की बात कहीं। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने कर्तव्य एवं दायित्व का निष्ठा पूर्वक पालना किये जाने की बात कहीं।
विज्ञापन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों को पारदर्शिता के साथ निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाने के निर्देश देते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता निष्पक्षता के साथ निभाने का आह्वान किया।
उत्साह के साथ गंतव्य स्थलों के लिए रवाना हुए मतदान दल
जिले में तृतीय चरण में होने वाले जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य एवं पंच-सरंच के निर्वाचन को लेकर गठित मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण पश्चात सोमवार को वीर वीरमदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय से अपने-अपने गंतव्य स्थलों की ओर रवाना हुए। अंतिम प्रशिक्षण के दौरान डीएलएमटी द्वारा पंचायतीराज चुनाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। मतदान दलों को ईवीएम, वीवी पैट मशीनें, विभिन्न प्रपत्र एवं पंच एवं सरपंच चुनाव के लिए मतपत्र सहित आवश्यक सामग्री का वितरण कर मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह चांदावत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंद किशोर राजोरा सहित संबंधित पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी, एरिया मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
तृतीय चरण में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों का मतदान मंगलवार को
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के अंतर्गत जिले में तृतीय चरण के तहत पंचायत समिति सांचौर, चितलवाना, भादरूणा व सरवाना में जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य के मतदान 3 नवम्बर, मंगलवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होंगे।