जालोर. पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत गुरुवार को पंच एवं सरपंच पदों के लिए हुए मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक ओम प्रकाश जैन (आईएएस) ने जिले के विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मतदान की स्थिति, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं एवं मतदान दलों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विज्ञापन
पर्यवेक्षक ओम प्रकाश जैन ने केरिया, परावा, सांगडवा, डावल, आमली, पालड़ी एस, डेडवा, जाखल, मालवाड़ा, करावड़ी, मालियो का गोलिया एवं भादरूना सहित 12 ग्राम पंचायतों के 54 मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर वहां संचालित मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, मतदाताओं की आवाजाही तथा मतदान दलों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान कार्मिकों से व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा करते हुए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी होनी चाहिए। साथ ही दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी दबाव या भय के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील भी की।