- ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह 2026
जालोर . जिले में आयोजित किए जा रहे ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह-2026 के तहत बुधवार को श्रीअन्न व मिलेट्स फूडस को प्रोत्साहन देने हेतु स्वयं सहायता समूह की महिला उद्यमियों ने एग्जीबिशन लगाई, एग्जीबिशन में आमजन को श्री अन्न व मिलेट्स फूड्स के गुणकारी तत्वों, पोषण संबंधी महत्व और बहुमूल्य उपयोगिता की जानकारी दी गई।
विज्ञापन
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिला उद्यमियों ने आमजन को बताया कि भोजन में मोटे अनाज व मिलेट्स का नियमित उपयोग न केवल मनुष्यों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि इसके उत्पादन में अपेक्षाकृत कम जल की आवश्यकता होने के कारण ये जल संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान खाद्य अपव्यय रोकने को लेकर शपथ भी ली गई।
आगामी दिवस होंगे विविध कार्यक्रम
प्राप्त कार्यक्रमानुसार 5 नवंबर को एकल उपयोग प्लास्टिक मुक्त वातावरण के लिए प्लास्टिक मुक्त बाजार एवं परिसर अभियान तथा कपड़े के थैले एवं पुनः उपयोग योग्य बोतलों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। 6 नवंबर को ई-वेस्ट प्रबंधन के तहत ई-कचरा संग्रहण एवं उसके सुरक्षित निस्तारण के बारे में जागरूकता गतिविधियां होंगी। वहीं 7 नवंबर को कचरा कम करने के उद्देश्य से स्वच्छता अभियान, कचरे का स्रोत पर पृथक्करण अभियान आयोजित किए जाएंगे।