जालोर . जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने कहा कि जिले में यातायात एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए कार्य करें। उन्होंने जिले में संचालित सड़क सुरक्षा अभियान को प्रभावशाली ढंग से क्रियान्वित करने हेतु परिवहन, पुलिस और सार्वजनिक निर्माण विभाग को संयुक्त रूप से टीम का गठन करते हुए प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करवाने के साथ ही दुर्घटनाओं में जनहानि को रोकने के लिए सभी संबंधित विभाग मिलकर कार्य करें।

जिला कलक्टर ने परिवहन और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे ओवरलोडिंग एवं अनाधिकृत वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने के साथ ही स्कूली बाल वाहिनियों के फिटनेस संबंधी उल्लंघन के मामलों में उचित कार्यवाही करें एवं संबंधित विभाग के अधिकारी प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से तय करें कि स्कूली वाहनों में क्षमता से अधिक स्कूली बच्चे परिवहन ना करें। 

बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्रसिंह इंदौलिया ने जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट सिस्टम से सुसज्जित एंबुलेंस की उपलब्धता, डिवाइडर पर रेलिंग/सुरक्षा जाल, व्हीकल लेन साइन बोर्ड, स्पीड लिमिट संकेतक आदि की सुनिश्चितता के निर्देश दिए। उन्होंने नेशनल हाइवे के किनारे बने अवैध ढाबों को चिन्हित कर हटाने, सड़क किनारे उगी बबूल-झाड़ियों को कटवाने, ब्लैकस्पोट चिन्हित कर चेतावनी बोर्ड व स्पीड ब्रैकर लगवाने, भारतमाला एक्सप्रेस वे पर दुपहिया वाहनों पर प्रतिबंध, नियमित पैट्रोलिंग सहित आपातकालीन सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विज्ञापन

जिला पुलिस अधीक्षक ने सड़क पर विचरण करने वाले निराश्रित पशुओं पर रेडियम निर्मित रिफ्लेक्टर टेप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा की दृष्टि से रामदेवरा मेले में पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सड़क की दाईं ओर चलने संबंधी जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को ऐसे स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, जिन पर स्पष्ट रूप से यह प्रदर्शित हो कि पैदल यात्री सड़क की दाईं ओर चलें, ताकि सामने से आने वाले वाहनों को आसानी से देख सकें और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्र सिंह चांदावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी, ज़िला परिवहन अधिकारी ओम प्रकाश चौधरी, सार्वजनिक निर्माण विभाग जालोर के अधिशासी अभियंता शंकरलाल सुथार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।