जालोर. विद्या भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिरे मंदिर रोड, जालोर में 19 नवंबर 2026 से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के आधार सेवा केंद्र के विशेष शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह शिविर विद्यालय परिसर स्थित आईटीआई कार्यालय में 30 नवंबर 2026 तक संचालित होगा। शिविर का समय प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
शिविर के दौरान नवीन आधार पंजीयन, बायोमेट्रिक एवं अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट, नाम में सुधार, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी तथा पते में संशोधन सहित विभिन्न आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इस शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध करवाई जा रही है।
विज्ञापन
शिविर का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से विद्यार्थियों के लंबित अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट को पूर्ण करवाना है। 5 से 7 वर्ष तथा 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क किया जाएगा, जबकि अन्य निर्धारित सेवाओं के लिए UIDAI के नियमानुसार शुल्क देय होगा। आधार में आवश्यक अपडेट समय पर करवाने से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं अन्य शैक्षणिक योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में होने वाली संभावित असुविधाओं से बचने में मदद मिलेगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनिल कुमार मिश्रा एवं आधार सेवा केंद्र के मैनेजर श्री ओम प्रकाश बोहरा ने अभिभावकों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस शिविर का अधिकाधिक लाभ उठाएं और अपने बच्चों के आधार कार्ड में लंबित अपडेट निर्धारित समयावधि में अवश्य करवाएं। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शिक्षा के साथ-साथ आवश्यक जनोपयोगी सुविधाएं उपलब्ध करवाने में भी सहयोग करना है।
उन्होंने आमजन से विशेष आग्रह किया कि शिविर की निर्धारित अवधि 30 नवंबर तक ही है, इसलिए इच्छुक नागरिक निर्धारित समय में विद्यालय परिसर स्थित आईटीआई कार्यालय पहुंचकर आधार संबंधी सेवाओं का लाभ उठाएं।
शिविर से संबंधित जानकारी
- स्थान: आईटीआई कार्यालय, विद्या भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिरे मंदिर रोड, जालोर।
- शिविर अवधि: 19 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक।
- समय: प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक।