जालोर. जालोर नगरपरिषद के नवनिर्वाचित सभापति बंशीलाल माली ने बुधवार को निर्माणाधीन टाउनहॉल का निरीक्षण कर गुणवत्ता जांची और निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर फटकार लगाते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सभापति बंशीलाल माली बुधवार टाउनहॉल का निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां पर मजदूर कार्य कर रहे थे, निर्माण पूरा नहीं होने पर भी अभी बनी दीवार पर भी दरारें दिखी, वहीं एक पिलर तिरछा खड़ा होने को लेकर उसका दुबारा निर्माण करने के निर्देश दिए।

विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान उपसभापति मुमताज अली, स्थानीय पार्षद नरेश राणा, पार्षद बसन्त सुथार, दिनेश माली भी साथ थे। वहीं आयुक्त शिवपालसिंह राजपुरोहित व नगरपरिषद के अभियंता भी मौके पर मौजूद रहे। सभापति ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता लाने और समय पर कार्य पूरा करवाने के सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

कांग्रेस सरकार ने किया था शिलान्यास

पार्षद बसन्त सुथार ने टाउनहॉल के निर्माण में छोटी छोटी खामियों को लेकर ठेकेदार के इंजीनियर को फटकार लगाई। सुथार ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने टाउनहॉल की स्वीकृति कर वर्ष 2022 में शिलान्यास किया था। करीब 18 करोड़ की लागत से बनने वाले इस टाउनहॉल का अभी करीब 40 फीसदी काम पूरा नहीं हो पाया। सुथार ने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही क्यों बरती जा रही है।

इनका कहना है...

टाउनहॉल के निर्माण में देरी क्यों हो रही है और जो छोटी छोटी खामियां रखी है उसमें सुधार करवाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संवेदक को नोटिस जारी कर रिपोर्ट मांगी जाएगी।

-बंशीलाल माली, सभापति, नगरपरिषद जालोर

हमने ठेकेदार को पहले भी नोटिस जारी किए थे, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया, अभी 40 फीसदी काम हो पाया है। एक पिलर को दुबारा निर्माण करने के निर्देश दिए है। निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं हो पाया है। इसके लिए संवेदक को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

-शिवपालसिंह राजपुरोहित, आयुक्त, नगरपरिषद जालोर