जालोर. नगर निकाय आम चुनाव-2026 के अंतर्गत जिले में शुक्रवार को द्वितीय चरण में शाम 6 बजे तक हुए मतदान की प्राप्त सूचना के अंतर्गत नगर पालिका भीनमाल में 76.65 प्रतिशत व नगर पालिका सांचौर में 76.63 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का उपयोग किया।
विज्ञापन
नगर निकाय आम चुनाव-2026 में जिले के नगर पालिका भीनमाल एवं नगर पालिका सांचौर में शुक्रवार को सुबह से ही उत्साह के साथ मतदाता मतदान केन्द्रों पर पहुंचे, साथ ही बुजुर्ग, महिला, युवा व दिव्यांगों ने बढ-चढ़कर मतदान किया।
मतदान केन्द्रों पर दिव्यांगों एवं अति वृद्ध मतदाताओं के लिए रही व्हीलचेयर की सुविधा
नगर निकाय आम चुनाव के दौरान मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग एवं अति वृद्ध मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध करवाई गई, ताकि वे सुगमता से मतदान कर सके। साथ ही स्वयंसेवक रूप में एनसीसी एवं स्काउट के बच्चों ने बुजुर्गों एवं दिव्यांगों की सहायता की। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए छाया, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रही। वहीं मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए।
पहली बार वोट दे रहे युवाओं में दिखा विशेष उत्साह एवं उमंग
नगर निकाय आम चुनाव 2026 में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में विशेष एवं उमंग देखने को मिला। युवक एवं युवतियों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान कर लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित किया।