• जालोर विधानसभा क्षेत्र की 311 प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित

जालोर. स्व. श्री फूसारामजी महाराज स्मृत सेवा प्रन्यास जालोर एवं परशुराम सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान व महन्त  ईश्वरनाथ महाराज के पावन सान्निध्य में जालोर विधानसभा क्षेत्र के माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-2026 में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, नीट(ऑवरओल रैंक 10000 तक), आईआईटी, एनआईटी, एनडीए, सीडीएस, एनएलयू एवं सीए जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थी सहित कुल 311 प्रतिभाओं का अभिनंदन एवं सम्मान समारोह शनिवार को वतन रिसोर्ट बिशनगढ़, जालोर में आयोजित हुआ।   समारोह में राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, परशुराम सेवा संस्थान जालोर के अध्यक्ष आर. डी. चौधरी एवं जसराज राजपुरोहित सहित मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग की 93 वर्षीय माताजी चंपा देवी ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रतिभाशाली बच्चों का हौसला बढ़ाया।

समारोह में राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि जालोर के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी स्कूली बोर्ड परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिलें के नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थीगण खुद का आत्मविश्लेषण करते हुए अपना पसंदीदा विषय चुने, स्टूडेंट्स ध्येय वाक्य ‘‘आई कैन डू इट’’ को ध्यान में रखते हुए उच्च शिक्षा से जुड़े ऑप्शंस् यथा मेडिकल, इंजीनियरिंग सहित साइबर टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी, स्पोर्ट्स आदि क्षेत्रों में भी अपना हुनर दिखाए। विद्यार्थी देशहित को ध्यान में रखते हुए कार्य करें एवं देश को विकसित राष्ट्र बनाने में सहयोग करें। 

विज्ञापन

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर अपने माता-पिता के साथ देश-प्रदेश का नाम रोशन करें।समारोह में जसराज राजपुरोहित ने कहा कि बालक-बालिकाएं विद्यार्थी जीवन में संस्कार रूपी बने एवं अथक परिश्रम के माध्यम से राष्ट्र के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सम्मान में हो रहे प्रतिभा सम्मान समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता हैं एवं जीवन में सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा मिलती हैं।जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने कहा कि जिले की स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थी लगन व परिश्रम के माध्यम से अपने गुरुजनों एवं माता पिता का नाम रोशन करें। विद्यार्थी जीवन के दौरान असफलता से डरे नहीं, बल्कि दोगुनी मेहनत के साथ पढ़ाई करें। विद्यार्थी अपनी रूचि का विषय चुनकर विविध क्षेत्रों यथा मेडिकल, इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के क्षेत्र में अपनी छाप छोड़े। 

परशुराम सेवा संस्थान के अध्यक्ष आर. डी. चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम संयोजक नाथू सोलंकी ने बताया कि समारोह में माध्यमिक/उच्च माध्यमिक परीक्षा-2026 में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, नीट(ऑवरओल रैंक 10000 तक), आईआईटी, एनआईटी, एनडीए, सीडीएस, एनएलयू एवं सीए जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थी सहित कुल 311 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन निशा कुट्टी एवं ललित ठाकुर ने किया। इस अवसर पर सीडीईओ मनोहरलाल गोदारा, जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल परमार, एडीईओ नरेन्द्र परमार, एडीईओ लहराराम माली, एसीबीईओ जब्बरसिह देवड़ा, उदयसिंह दादाल, पुखराज विराणा, जितेन्द्र जालोरी, परमानंद भट्ट, रवि सोलंकी, गजेन्द्र सिंह सिसोदिया, नारायणलाल भट्ट, शेखर भट्ट, महेन्द्र गर्ग, दिनेश महावर, उत्तम गर्ग, मंजू मेघवाल, महेश भट्ट सहित सम्मानित होने वाले विद्यार्थी व उनके अभिभावक, गणमान्य नागरिक व स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।