- जालोर पहुंचे डीजीपी राजीव कुमार शर्मा, अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा; संज्ञेय अपराध में तत्काल एफआईआर और हार्डकोर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जालोर. पुलिस महानिदेशक राजस्थान राजीव कुमार शर्मा अपने जालोर जिले के एक दिवसीय भ्रमण के तहत जिला मुख्यालय पहुंचे। पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में डीजीपी ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जालोर की भौगोलिक परिस्थितियों, अपराध की स्थिति और कानून-व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक में डीजीपी शर्मा ने मादक पदार्थों की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर इस नेटवर्क पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई, हार्डकोर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा महिला एवं साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नए कानूनों के प्रावधानों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और अपराध घटित होने पर पुलिस की कार्रवाई में किसी तरह की देरी नहीं हो।
थानों में परिवादियों से मधुर व्यवहार, हर संज्ञेय अपराध में तत्काल एफआईआर
डीजीपी ने पुलिस थानों में ड्यूटी ऑफिसर की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिए कि ड्यूटी ऑफिसर थाने में बैठकर परिवादियों से मधुर एवं संवेदनशील व्यवहार करें और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि संज्ञेय अपराध घटित होने पर तुरंत प्रकरण दर्ज किया जाए।
विज्ञापन
उन्होंने यूथ सीएलजी सदस्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर आमजन की समस्याओं के प्रभावी निराकरण, पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने तथा सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
साफ-सफाई और पुलिस सुविधाओं पर भी नजर
डीजीपी ने पुलिस थानों, पुलिस लाइन, पुलिस चौकियों एवं कार्यालयों के भवनों के रखरखाव और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण के साथ-साथ आमजन के लिए भी थानों में सकारात्मक एवं सुविधाजनक माहौल होना चाहिए।
बैठक में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस मुख्यालय हवासिंह घूमरिया, महानिरीक्षक पुलिस जोधपुर रेंज सत्येंद्र सिंह, उप महानिरीक्षक पुलिस कुंवर राष्ट्रदीप, पुलिस अधीक्षक सीआईडी इंटेलीजेंस जयपुर नरपत सिंह, पुलिस अधीक्षक जालोर शैलेन्द्र सिंह इन्दौलिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जालोर मोटाराम सहित समस्त वृत्ताधिकारी एवं थानाधिकारी उपस्थित रहे।