जालोर. स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों ने एक बार फिर सेवा, समर्पण और मानवता की मिसाल पेश की है। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी से जूझ रही गर्भवती महिला सूखी देवी को आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य केंद्र सेवड़िया की एएनएम एलची बाई ने अपना रक्तदान कर जीवन रक्षक सहयोग प्रदान किया।

खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ गणपतलाल ने बताया कि गर्भवती महिला सूखीदेवी को उपचार के दौरान रक्त की आवश्यकता हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र सेवड़िया में कार्यरत एएनएम एलची बाई ने तत्काल आगे आकर रक्तदान किया, जिससे समय पर उपचार संभव हो सका। एएनएम के इस सेवाभावी कार्य की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

विज्ञापन

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का प्रत्येक कार्मिक आमजन की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। एएनएम एलची बाई द्वारा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी मरीज के लिए किया गया। रक्तदान मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। समय पर रक्त उपलब्ध होने से गर्भवती महिला को बेहतर उपचार मिल सका। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहें।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान एवं समय पर रेफरल की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग ने एएनएम एलची बाई के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं।