जालोर. जिले के आहोर नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में दिन-रात मेहनत करने वाले नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों का सम्मान एवं स्वागत कर नगर पालिका उपाध्यक्ष बिशन सिंह सोलंकी ने एक विशेष पहल की। इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों का माला पहनाकर एवं मुह मीठा करवाकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष बिशन सिंह सोलंकी ने सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की असली रीढ़ हैं। आपकी मेहनत और समर्पण से ही हमारा आहोर स्वच्छ एवं सुंदर बना रहता है।
विज्ञापन
इस दौरान बिशन सिंह सोलंकी ने सफाई कर्मचारियों से एक महत्वपूर्ण वादा भी किया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को संविदा पर फिक्स करवाने तथा उनके वेतन में बढ़ोतरी करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। कर्मचारियों को उनका उचित सम्मान और मेहनत का सही मेहनताना मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी केवल नगर पालिका के कर्मचारी नहीं, बल्कि स्वच्छ आहोर के निर्माण में हमारे महत्वपूर्ण सहयोगी हैं। उनके सम्मान, अधिकारों और बेहतर भविष्य के लिए हमेशा आवाज उठाई जाएगी। इस पहल से सफाई कर्मचारियों में खुशी का माहौल देखने को मिला।