जालोर । दीपावली पर्व पर आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान के तहत जालोर शहर में खाद्य सुरक्षा दल द्वारा विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
विज्ञापन
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी ने बताया कि दीपावली के त्योहार के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच एवं मिलावट के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने तथा आमजन से खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता एवं शुद्धता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील मीणा ने बताया कि जालोर शहर के सूरज मिष्ठान भंडार, महालक्ष्मी मिष्ठान भंडार, राजभोग स्वीट, अग्रवाल मिष्ठान भंडार एवं रोड साइड मिठाई काउंटर, प्रतिष्ठानों एवं भंडार गृहों का औचक निरीक्षण एवं जांच की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाए गए।