- कांग्रेस ने प्रेसवार्ता कर भाजपा पर लगाए आरोप
जालोर. जालोर कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर नगर निकाय चुनाव के तहत सभापति के होने वाले चुनाव से पहले भाजपा पर नवनिर्वाचित पार्षदों के परिवारों डरा धमकाने के आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि इस सम्बंध में जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन दिया गया है। साथ ही शहर में पर्याप्त जाब्ता बढ़ाने की मांग की। राज्य जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के पूर्व अध्यक्ष पुखराज पाराशर ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि वे आहोर जा रहे थे, इस दौरान उनके पीछे दो गाड़ियां पड़ गई। उन्होंने उनकी पहचान कर ली है, इस सम्बंध में मुकदमा भी करवाएंगे। पाराशर ने आशंका जताई कि शहर में गुंडा प्रवृति के लोग सम्भवतया उन्हें भी डरा धमकाकर नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
कांग्रेस पार्षदों के घर जाकर धमकियां देने के आरोप
कांग्रेस ने एसपी को दिए ज्ञापन में बताया कि नगर निकाय चुनाव 2026 में नगर परिषद जालोर के सभापति का चुनाव 21 सितंबर को है, इससे पूर्व भारतीय जनता पार्टी द्वारा सामाजिक अपराधिक प्रवृत्ति के बाहरी लोगों को भारी संख्या में बुलाया गया है। जो हिंसा व गुंडागर्दी करने पर उतारू है। शहर में भय का वातावरण फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। नगर परिषद जालौर के नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्टी के पार्षदों एवं उनके परिवारों को धमकाने हेतु भारी लोगों का जमावड़ा शहर में किया गया है, जो नवनिर्वाचित पार्षदों के घर जाकर उनके परिजनों को धमकियां दे रहे हैं और धमका रहे हैं। नवनिर्वाचित पार्षद को हमें दे दो नहीं तो बुरा अंजाम होगा तथा बेवजह परिजनों को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। धमकियां दी जा रही है। इस कारण कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित पार्षदों के घर की सुरक्षा करने हेतु पुलिस जाब्ता लगाया जाए। ताकि कोई अनहोनी घटना घटित ना हो सके।
दंगा फसाद की जताई आशंका
साथ ही बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा बाहरी लोगों को बुलाया गया है जो लग्जरी गाड़ियां जिनके काले शीशे लगे हुए हैं जिनमें 5 - 7 लोग बैठकर बेकाबू रूप से गाड़ियों को शहर में दौड़ा रहे हैं, जिससे आमजन में भी भय पैदा हो रहा है तथा शांत शहर में दंगा फसाद करने कराने पर उतारू है तथा वे खुली धमकियां दे रहे हैं कि हम जो चाहेंगे वह करेंगे हमारा राज है तथा नव निर्वाचित पार्षदों के घर की रैकी की जा रही है। जिससे परिजन भयभीत है तथा शहर में भी भय का माहौल है ऐसी स्थिति में समय रहते नवनिर्वाचित पार्षदों के घर की व शहर की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता नहीं की गई तो हिंसा हो सकती है तथा शहर में भय पैदा हो सकता है। जिससे सभापति चुनाव निष्पक्ष शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से नहीं हो सकेंगे तथा नव निर्वाचित पार्षदों की पूरी स्वतंत्रता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित होना पड़ेगा तथा निष्पक्ष चुनाव न होकर गुंडा तत्वों के दबाव में नवनिर्वाचित पार्षदों को अपने मताधिकार का प्रयोग करना पड़ेगा।
विज्ञापन
ऐसी स्थिति में नवनिर्वाचित पार्षदों के घर व शहर में अतिरिक्त जाब्ता लगाया जाय। साथ ही मतदान स्थल पर भारी जमावड़ा रोका जाए मतदान स्थल पर अधिकृत व्यक्ति के अलावा कोई भी उपस्थित नहीं हो नगर परिषद की पूरी छानबीन कर कमरों में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े व्यक्ति के अलावा कोई प्रवेश नहीं हो नव निर्वाचित पार्षदों को डरा धमका कर उन्हें खरीद फरोख्त कर ऐसे तरीके अपनाए जा रहे हैं। जिससे निर्वाचन प्रक्रिया एक तरह से हाईजैक करने की आशंका है।
कर्मचारियों की मिलीभगत के आरोप
ज्ञापन में बताया कि मतदाता को जबरन तरीके से कैमरे वाले चश्मे पेन स्मार्टफोन बटन के अंदर छोटे कैमरे मोबाइल फोन सहित अनेक इलेक्ट्रिक उपकरण दिए जा रहे हैं। जिससे मतदान की पारदर्शिता भंग करने का प्रयास हो रहा है। अतः ऐसे उपकरणों पर शक्ति से रोक लगाई जाए। इन चुनाव में कुछ अधिकारी व कर्मचारी खुले रूप से सत्ताधारी पार्टी के पक्ष में काम करते पाए गए हैं। जिसकी सूची में प्रूफ के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। सभापति के चुनाव में भी मतदान स्थल एवं गणनास्थल पर ये लोग ऐसा काम कर सकते हैं। ऐसे में निष्पक्ष अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए और नियुक्त होने वाले ऐसे अधिकारी कर्मचारी की सूची उपलब्ध करावे। ताकि हम उनके बारे में अपनी राय रख सके। उक्त बिंदुओं पर गौर फरमाते हुए निष्पक्ष चुनाव हेतु कानून व्यवस्था के मध्य नजर नवनिर्वाचित पार्षदों के घर की सुरक्षा व शहर में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता लगवाया जाकर हिंसा वह धन बल के दुरुपयोग पर रोक लगाई जावे ताकि कोई अनहोनी घटना नहीं हो सके तथा सभापति का निष्पक्ष चुनाव हो सके। इस दौरान पुखराज पाराशर, पूर्व अध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल, जुल्फिकार अली भुट्टो, प्रवक्ता योगेंद्रसिंह कुम्पावत, भोमाराम मेघवाल, रमेश सोलंकी, गीता श्री, कामिनी शर्मा, सुरेंद्र दवे, लक्ष्मणसिंह सांखला, देवाराम सांखला, पवन दवे, जोगाराम सरगरा समेत लोग उपस्थित रहे।