जालोर. राजस्थान पटवार संघ, जिला शाखा जालौर द्वारा अपनी विभिन्न लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर, जालौर के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
इस अवसर पर जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय मीणा ने बताया कि पटवार संघ द्वारा समय-समय पर राजस्व विभाग एवं राज्य सरकार के समक्ष विभिन्न मांगें उठाई जाती रही हैं, किन्तु आज दिनांक तक उनका संतोषजनक समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि संघ द्वारा प्रमुख शासन सचिव, राजस्व विभाग को भी ज्ञापन प्रेषित किया गया है। यदि सरकार द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा DCS गिरदावरी कार्य के संबंध में संघ द्वारा लिए गए निर्णयों का पालन किया जाएगा।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि संघ की प्रमुख मांगों में DCS गिरदावरी ऐप में आवश्यक सुधार एवं पटवारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, पटवारियों को तकनीकी पद पर पदोन्नति देकर पे-लेवल-10 का वेतनमान प्रदान करना, सभी भत्तों में वृद्धि एवं ट्रेवलिंग अलाउंस लागू करना, पृथक करियर संवर्ग एवं स्थानांतरण नीति बनाना तथा पटवार भवनों में लैपटॉप, प्रिंटर सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना शामिल है।
इस दौरान जिला संयुक्त मंत्री नरेश दहिया, उपशाखा अध्यक्ष अर्जुन विराश, उपशाखा उपाध्यक्ष अशोक जीनगर, मदनलाल, महेंद्र विराश, भीमाराम सहित अन्य पटवारी उपस्थित रहे।
राजस्थान पटवार संघ ने राज्य सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर पटवारियों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की है।