जालोर . युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत, जालोर द्वारा विद्या भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जालोर में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान’ के अंतर्गत जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी हनीफ खान, मुख्य अतिथि, विद्या भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जालोर की निदेशक मधुमिता भाटी तथा प्राचार्य डॉ. अनिल मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि हनीफ खान ने कहा कि युवा यदि नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार एवं सकारात्मक सोच को अपनाएंगे तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त होगा। निदेशक मधुमिता भाटी ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों में संस्कार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
अभियान के अंतर्गत समूह नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, शॉर्ट फिल्म/रील्स, स्लोगन लेखन, वाद-विवाद एवं कविता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त जीवन के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं में वाद-विवाद में दक्ष सुंदेशा, कविता में जालम सिंह, स्लोगन लेखन में निकिता कुमारी, चित्रकला में दशरथ परमार, शॉर्ट फिल्म/रील्स में चेतना राजपुरोहित, समूह नृत्य में भावना एवं टीम, लोकगीत में भावना एवं समूह तथा नुक्कड़ नाटक में राहुल सिंह एवं टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विज्ञापन
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन अनुभवी निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। समापन समारोह में सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों एवं माय भारत स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. अनिल मिश्रा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, निर्णायक मंडल, माय भारत स्वयंसेवकों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता रही।