• विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

जालोर । सहकारिता विभाग के अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, जोधपुर खण्ड, जोधपुर प्रशांत कल्ला (संयुक्त रजिस्ट्रार) ने जालोर जिले का दौरा कर विभिन्न सहकारी संस्थाओं एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने ग्राम सेवा सहकारी समितियों (पैक्स) एवं जालोर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डार के माध्यम से प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र खोलने के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं महाप्रबंधक को जिला कलेक्टर से समन्वय स्थापित कर जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में केन्द्र खुलवाने के निर्देश दिए। साथ ही बागोड़ा, चितलवाना, सियाणा एवं हाड़ेचा सहित अन्य स्थानों पर जन औषधि केन्द्र खोलने के लिए त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त रजिस्ट्रार प्रशांत कल्ला ने जालोर क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड द्वारा संचालित प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केन्द्र का निरीक्षण कर केवीएसएस मैनेजर को मांग के अनुरूप उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत अजीतपुरा ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड में निर्माणाधीन 100 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं निर्धारित मापदण्डों की पालना सुनिश्चित करने और प्राप्त सरकारी किश्तों के उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर भिजवाने के निर्देश दिए।

विज्ञापन

इस दौरान उन्होंने उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, जालोर कार्यालय में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों का पूर्ण तत्परता से क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों में सर्वे करवाकर नवीन एमपैक्स खोलने, राज्य सरकार से स्वीकृत नवीन एमपैक्स का शीघ्र पंजीकरण करवाने तथा पंजीकृत एमपैक्स को केन्द्रीय सहकारी बैंक का सदस्य बनाकर उनमें शीघ्र कार्य प्रारंभ करवाने के लिए उप रजिस्ट्रार एवं प्रबंध निदेशक, केन्द्रीय सहकारी बैंक जालोर को निर्देशित किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक नारायण सिंह चारण, उप रजिस्ट्रार सुनील वीरभान, जालोर सहकारी उपभोक्ता होलसेल भण्डार के महाप्रबंधक सुरेश सारस्वत, बैंक के मुख्य प्रबंधक नन्द किशोर सोनी सहित सहकारिता विभाग के निरीक्षकगण एवं बैंक के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।