• देच्छु की पूर्व सरपंच दुर्गा कंवर भाजपा से जालोर की प्रधान बनीं
  • लंबे समय बाद देच्छु पहुंची जालोर की प्रधानी

जालोर. जालोर जिले में कांग्रेस के साथ एक पंचायत समिति जालोर में खेला हो गया। शुक्रवार को हुए पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में भाजपा ने बहुमत के बावजूद जालोर सीट कांग्रेस से छीन ली।

जबकि यहां कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत था। यहां तीन वोट क्रॉस हुए हैं। अब देच्छु की पूर्व सरपंच दुर्गा कंवर जालोर की प्रधान निर्वाचित हुई हैं। जालोर पंचायत समिति में भाजपा ने लगातार तीसरी बार कब्जा जमाया है।

जालोर जिले की 14 में से 13 में कांग्रेस को बहुमत मिला था, 12 में प्रधान बना पाई कांग्रेस

जालोर जिले की 14 पंचायत समितियों में से सांचौर के अलावा 13 पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत मिला था, जबकि सांचौर में भाजपा स्पष्ट बहुमत में थी। प्रधान के चुनाव में सांचौर से भाजपा के सांवलाराम प्रधान बने हैं। जबकि जालोर में भाजपा की दुर्गा कंवर ने हेमंत कंवर को हराकर जीत दर्ज की। शेष 12 पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान बने हैं।

इनमें कांग्रेस के प्रधान निर्वाचित

पंचायत समिति आहोर में कांग्रेस से पोनी देवी, भाद्राजून से कांग्रेस की मोगलीदेवी मेघवाल, उम्मेदाबाद में मीनाक्षी डांगी कांग्रेस से प्रधान बनी। इसी प्रकार सायला में कांग्रेस की धीरज कंवर, बागोड़ा से कांग्रेस की पालु, भीनमाल से कांग्रेस की पद्मनी कंवर, जसवंतपुरा से कांग्रेस के थानाराम चौधरी, रानीवाड़ा से कांग्रेस की लीला चौधरी, सरनाऊ से कांग्रेस के जीतू राणा, चितलवाना से कांग्रेस की कविता कंवर निर्विरोध, सरवाना से कांग्रेस की कमलीदेवी तथा भादरुणा से कांग्रेस के मेनका प्रधान निर्वाचित हुईं। इसी प्रकार सांचौर में भाजपा से सांवलाराम व जालोर में भाजपा की दुर्गा कंवर प्रधान निर्वाचित हुई।

लंबे समय बाद देच्छु पहुंची प्रधानी

जालोर पंचायत समिति की प्रधान सीट लंबे समय बाद देच्छु पहुंची है। इससे पहले देच्छु के हरिसिंह जालोर पंचायत समिति के प्रधान रह चुके हैं। उसके बाद सियाणा व सांथू से प्रधान चुने जाते रहे थे, इस बार सियाणा की हेमंत कंवर को हार का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस के तीन वोट क्रॉस हुए

जालोर पंचायत समिति के 23 सदस्यों में से भाजपा 10 सीट जीती थी, जबकि 13 सीट पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया था। जीते हुए सदस्यों में से कांग्रेस से हेमंत कंवर पूर्व में जालोर से प्रधान रह चुकी थीं।

विज्ञापन

इधर, भाजपा से दुर्गा कंवर, रामकंवर व भंवर कंवर तीन दावेदार थे, बड़ी मशक्कत के बाद पार्टी ने दुर्गा कंवर को प्रधान का प्रत्याशी बनाया। कड़ी घेड़ाबन्दी के बावजूद कांग्रेस के तीन वोट क्रोस हो गए। इससे भाजपा की दुर्गा कंवर को 13 व हेमंत कंवर के पक्ष में 10 मत ही मिले। नवनिर्वाचित प्रधान दुर्गा कंवर पत्नी अभिमन्युसिंह देच्छु ग्राम पंचायत की पिछले कार्यकाल में सरपंच रह चुकी हैं।