- 1995 से कांग्रेस में पूर्ण सक्रिय है आसुराम, भीनमाल ब्लॉक अध्यक्ष रह चुके और वर्तमान में है जिला उपाध्यक्ष
- दो बार सरपंच व दो बार जिला परिषद सदस्य बने
- देवासी समाज सेवा संस्थान जालोर के जिलाध्यक्ष है आसूराम देवासी
- जिले के कांग्रेस विधायक व विधायक प्रत्याशियों को भी आसुराम के नाम पर नहीं कोई आपत्ति
जालोर। जालोर में जिला प्रमुख पद के लिए बहुमत प्राप्त करने वाली कांग्रेस पार्टी में वार्ड संख्या 25 से जीतकर सदस्य बने आसुराम देवासी के नाम पर आम सहमति बनने की पूर्ण संभावना बन गई है। हालांकि चर्चा में कई नाम सामने आए, कइयों पर मंथन भी चल रहा है, लेकिन इन सभी में आसुराम देवासी के नाम पर आम सहमति बनने की अधिक संभावना बन रही है। इस बार 43 में से कांग्रेस 31 सीट जीती है और ओबीसी ओपन सीट पर जिला प्रमुख बनाने का मौका कांग्रेस को मिला है।
विज्ञापन
लिहाजा कांग्रेस चाहती है कि जिला प्रमुख ऐसे व्यक्ति को बनाया जाय जिससे न तो कोई विवाद हो और न ही पार्टी को नुकसान हो, इस आंकलन से आसुराम पर सहमति बनने की संभावना प्रबल हुई है।
इसलिए आसुराम का पलड़ा भारी
जालोर जिले में इस बार आसुराम देवासी वार्ड 25 से जिला परिषद के सदस्य बने हैं। आसुराम देवासी 1995 में कांग्रेस जुड़े और सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। आसुराम बोरटा ग्राम पंचायत से दो बार सरपंच रह चुके हैं। पूर्व में एक बार जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं। साथ ही संगठन में भीनमाल के ब्लॉक अध्यक्ष रहे। वर्तमान में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष पद पर हैं। वहीं देवासी समाज सेवा संस्था जालोर के अध्यक्ष भी हैं और समाज की अन्य संस्थाओं में भी पदाधिकारी के रूप में काम कर चुके हैं। पार्टी में सक्रियता, संगठन का अनुभव और समाज से प्रतिष्ठित जुड़ाव आसुराम देवासी का पलड़ा भारी कर रहा है। हालांकि ओबीसी ओपन सीट पर कई अन्य चेहरे भी जीतकर आये हैं, लेकिन सभी समीकरण में फिट नहीं बैठ पा रहे हैं। इस कारण आलाकमान ने भी आसुराम देवासी का फीडबैक लेकर स्थानीय नेताओं से चर्चा की है। जिस कारण आम सहमति की संभावना बन रही है।
जालोर जिले के नेताओं की सहमति भी आवश्यक
आसुराम के नाम की सहमति के लिए जालोर जिले के नेताओं को भी खास आपत्ति नहीं है। सांचौर के पूर्व विधायक सुखराम विश्नोई आसुराम देवासी के नाम पर आपत्ति नहीं जता रहे हैं। वहीं रतन देवासी भी आसुराम देवासी के नाम पर सहमत दिख रहे हैं। भीनमाल विधायक डॉ समरजीतसिंह को भी आपत्ति नहीं दिख रही। जालोर जिला अध्यक्ष व विधायक प्रत्याशी रमीला मेघवाल की भी इच्छा है कि पार्टी का सक्रिय नेता प्रमुख बने तो कोई आपत्ति नहीं है। वहीं आहोर विधायक प्रत्याशी सरोज चौधरी के लिए भी आपत्ति का कोई विकल्प नहीं रहा है। ऐसे में जब जिले में पांचों विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी के विधायक व विधायक प्रत्याशियों की आम सहमति बन रही है तब कांग्रेस नेता पुखराज पाराशर चाहते है कि लंबे समय से पार्टी में सक्रिय, निर्विवाद और अनुभवी को मौका मिले तो कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लिहाजा अगर कोई विशेष कारण नहीं दिखा तो आसुराम देवासी के नाम पर सहमति की पूर्ण संभावना है।