- जिले में 3 लाख 63 हजार 276 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य, 23 एवं 24 नवंबर को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पिलाएंगे पोलियो की खुराक
जालोर। उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र जालोर में नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए अभियान में जनभागीदारी जरूरी है, इसलिए प्रत्येक अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा खुराक पीने से वंचित नहीं रहे।
अभिभावक बच्चों को पोलियो बूथ पर ले जाकर अवश्य पिलाएं खुराक
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार बाजिया ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि रविवार को अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे को खुराक पिलाना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
तीन दिवसीय अभियान में 3 लाख 63 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक
आरसीएचओ डॉ. बाजिया ने बताया कि जिले में 22 नवंबर को निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। इसके बाद 23 एवं 24 नवंबर को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बूथ पर खुराक पीने से वंचित रह गए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने बताया कि जिले में इस अभियान के तहत कुल 3 लाख 63 हजार 276 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं की गई हैं।
विज्ञापन
इस अवसर पर नैनमल परमार, डॉ. सुनील सोलंकी, डॉ. मुकेश चौधरी, डॉ. प्रकाश विश्नोई, डॉ. अभिषेक पटेल, असलम शेख, पुरुषोत्तम गर्ग, एएनएम कविता, गुलाम खान, आमिर खान सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।