• पेयजल संबंधी समस्याओं का हो त्वरित निस्तारण - आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित

जालोर. राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग एवं आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने मंगलवार सुबह उम्मेदाबाद स्थित पीएचईडी के पंप हाऊस पर पहुंच व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जालोर व आहोर क्षेत्र में बाधित एवं अनियमित पेयजल सप्लाई के संबंध में आ रही शिकायतों के निस्तारण को लेकर विभागीय अधिकारियों को पाबंद किया।

मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने अधीक्षण अभियंता तथा पंप संचालकों को पाबंद करते हुए कहा कि पेयजल मूलभूत आवश्यकता है, गांवो एवं शहरों में सुचारू एवं नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मोटरों के रख-रखाव, रिपेयर वर्क, वोल्टेज समस्या निस्तारण को लेकर पेयजल एवं विद्युत विभाग आपस में समन्वय रखते हुए सुचारू पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करें। उन्होंने पंप के रखरखाव तथा बकाया बिलों के भुगतान को लेकर भी निर्देशित किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही पेयजल सप्लाई के संबंध में उपस्थित आमजन से फीडबैक लेते हुए अधिशाषी अभियंता को सुधार करने की बात कहीं। 

विज्ञापन

आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने ग्रामीण क्षेत्रों से पेयजल संबंधी आने वाली समस्याओं के त्वरित निस्तारण करवाने को लेकर विद्युत एवं पेयजल से संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए संवेदना के साथ कार्य करने की बात कहीं।

तैतरोल पम्पिंग हाऊस स्टेशन पहुंच देखी व्यवस्थाएं

राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग एवं आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने बागोड़ा क्षेत्र के तैतरोल पम्पिंग हाऊस स्टेशन पहुंच कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मोटरों के रख-रखाव, फ्लोमीटर, रिपेयर वर्क, वोल्टेज के संबंध में जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को पाबंद किया।

इस अवसर अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्र सिंह चांदावत, एडीएम सांचौर प्रकाश अग्रवाल, सायला के एसडीएम सूरजभान विश्नोई, बागोड़ा एसडीएम लाखाराम, दीपसिंह धनानी, हसमुख गर्ग, गणपत सिंह बगेडिया, विद्युत विभाग के एसई निमेन्द्र राज सिंह, पीएचईडी प्रोजेक्ट के एसई लिच्छुराम चौधरी, संबंधित विभागीय अधिकारी-कार्मिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।