- 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर अधिवक्ताओं व बैंक अधिकारियों की बैठक आयोजित
जालोर. राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश बन्नालाल जाट की अध्यक्षता में अधिवक्ताओं, बैंक, विभिन्न विभागों अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला न्यायाधीश ने कहा कि सभी के सहयोग से ही लोक अदालत की सफल होती है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को कहा कि ऋण वसूली, एनआईएक्ट के प्रकरणों के निस्तारण के लिए पक्षकारों को प्रेरित करें, बैंक की ओर से नियमानुसार अधिक से अधिक छूट दी जावे ताकि पक्षकार राशि जमा करवाकर अपने प्रकरणों को अधिक से अधिक निस्तारित करवा सके। उन्होंने अधिवक्ताओं को भी कहा कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों के निस्तारण के लिए पक्षकारों को प्रेरित करें तथा अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण करवाकर सहयोग करें।
विज्ञापन
इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारी को कहा कि लोक अदालत को लेकर जारी होने वाले नोटिसेज, सम्मन आदि शत प्रतिशत तामील करवाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में अनुसंधान स्तर पर ही राजीनामा हो गया है ऐसे प्रकरण न्यायालय में शीघ्र पेश किए जावे। उन्होंने सभी को लोक अदालत का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने का अनुरोध किया। इस दौरन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उमेश वीर ने अधिवक्ताओं बैंक एवं वित्तीय संस्थान के अधिकारियों को कहा कि एनपीए, ऋण वसूली से संबंधित मामलों में उच्चाधिकारियों से वार्तालाप कर पक्षकारों को अधिक से अधिक छूट दी जावे। उन्होंने अधिवक्ताओं से भी अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण करवाकर लोक अदालत में सहयोग का आह्वान किया। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष खसाराम परिहार ने बार की तरफ से विश्वास दिलाया कि लोक अदालत में प्रकरणों के निस्तारण में बार एसोसिएशन पूरा सहयोग प्रदान करेगा। इस दौरान पारिवारिक न्यायालय के न्यायाधीश अमर वर्मा, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश डॉ संजय कुमार गुप्ता, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ विमल व्यास, एसीजेएम 1 राजेंद्रसिंह चारण, एसीजेएम 2 दिव्या गोदारा, डीवाईएसपी गौतम जैन, अभियोजन विभाग के डीडीपी अजय कुमार व्यास, अधिवक्ता अश्विन राजपुरोहित, तरूण सिद्धावत, फरमानअली, इंसाफअली, एसबीआई के बीएम मुकेश कुमार, बीओआई के रमेश माली, विनोद कुमार, इमरानखान, शुभम आर्य, जयंतीलाल आदि मौजूद रहे।