• राजस्थान कांग्रेस सह प्रभारी मकवाना ने ली भीनमाल विधानसभा में बैठक

जालोर. ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भीनमाल एवं बागोड़ा की संयुक्त संगठनात्मक बैठक मंगलवार को खेतावत सेवा सदन भीनमाल में आयोजित हुई। बैठक में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी रुत्विक मकवाना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव ललित बोरीवाल,भीनमाल विधायक डॉ. समरजीतसिंह,जिलाध्यक्ष रमीला मेघवाल ने भी संबोधित किया।

विज्ञापन

कार्यक्रम में रुत्विक मकवाना ने कहा कि संगठन में सक्रिय रूप से कार्य करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता की रिपोर्ट सीधे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि संगठन में वास्तविक रूप से कार्य करने वालों को ही जिम्मेदारी और प्राथमिकता दी जाएगी।भीनमाल विधायक डॉ. समरजीतसिंह ने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर लड़ेगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पूरी निष्ठा के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव ललित बोरीवाल ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निष्क्रिय पदाधिकारियों के स्थान पर सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमीला मेघवाल ने बताया कि जिले में संगठन सृजन अभियान के तहत जिला,ब्लॉक एवं मंडल कार्यकारिणियों के गठन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि जालौर जिला कांग्रेस संगठन पूरी तरह सक्रिय है और सभी कार्यकर्ता अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन कर रहे हैं। बैठक में कांग्रेस ओबीसी जिलाध्यक्ष सीएल गहलोत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।