जालोर. पंचायतराज चुनाव 2026 के तहत दूसरे चरण की पंचायत समितियों व जिला परिषद की सभी सीटों पर शुक्रवार को अंतिम दिन नामांकन को लेकर गहमागहमी रही। जहां बीजेपी जिला परिषद के प्रत्याशियों की सूची एक दिन पहले जारी कर चुकी थी, वहीं कांग्रेस ने अंतिम दिन सिंबल जमा करवाने के बाद सूची जारी की।

कई आशार्थियों के नाम कटने पर निराशा देखी गई। वहीं कई टिकट मिलने से उत्साहित दिखे। जालोर जिला परिषद के प्रत्याशियों की सूची जिला प्रभारी सुमन यादव, हिमपालसिंह देवल व प्रवक्ता योगेंद्रसिंह कुम्पावत ने जमा करवाई। सूची में कई जने जिन्होंने पार्टी से आवेदन किया था, उनके नाम नहीं होने पर निराशा हाथ लगी। भाजपा के 31 नम्बर वार्ड से टिकट नहीं मिलने पर नवाराम देवासी उर्फ भोपाजी ने निर्दलीय आवेदन कर नाराजगी जताई। 

विज्ञापन

वहीं कांग्रेस ने भी बीते कार्यकाल में जालोर प्रधान प्रत्याशी रहे चुरा के नरेंद्र सिंह के परिवार को इस बार टिकट नहीं दिया। नरेन्द्रसिंह परिवार में महिला सीट पर अन्य स्थान से टिकट मांग रहे थे और शुक्रवार को अंतिम समय आवेदन भी किया, लेकिन टिकट नहीं मिलने से निराशा हाथ लगी। वहीं कांग्रेस ने एक परिवार को तीन टिकट थमा दी। कांग्रेस ने आहोर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 15 से उमसिंह राठौड़ (चांदराई), वार्ड 17 से उमसिंह की मां पोनीदेवी व जिला परिषद के वार्ड 35 पर पुत्रवधु संतोष कंवर को टिकट थमाई है। वहीं सियाणा निवासी पति-पत्नी पूर्व प्रधानों को भी कांग्रेस ने टिकट दी है। जिला परिषद के वार्ड 30 से पूर्व प्रधान प्रदीपसिंह व जालोर पंचायत समिति के वार्ड 13 से पूर्व प्रधान हेमंत कंवर को फिर से टिकट थमाया है।

लोकसभा में सहयोग पर लालसिंह को मौका!

बीते लोकसभा चुनाव में बसपा से अपना आवेदन वापस लेकर कांग्रेस को समर्थन करने वाले लालसिंह धानपुर को पार्टी ने इस बार मौका दिया है। लालसिंह की पत्नी मुन्ना कंवर को जालोर पंचायत समिति की वार्ड संख्या 5 की सीट पर कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है। इस सीट से चुरा के नरेन्द्रसिंह के परिवार ने टिकट को लेकर दावा किया था, लेकिन दूसरा वार्ड होने से उन्हें टिकट नहीं दी गई। दरअसल, जालोर पंचायत समिति के प्रधान की सीट सामान्य महिला होने के चलते इस बार बड़े दिग्गज प्रयासरत रहे। अब टिकट जारी होने के बाद कांग्रेस बहुमत में आने पर हेमंत कंवर, मुन्ना कंवर और विनोद कंवर की प्रधान पद पर प्रबल दावेदारी रहेगी।

भाजपा से दानाराम चौधरी ने भरा आवेदन

वर्ष 2018 में सांचौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक के प्रत्याशी व 2024 के लोकसभा टिकट की दावेदारी करने वाले भाजपा नेता दानाराम चौधरी को भाजपा ने जिला परिषद वार्ड 13 से मैदान में उतारा है। उनके सामने कांग्रेस से युवा नेता अर्जुन देवासी को टिकट मिला है। दानाराम चौधरी ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल किया। वहीं वार्ड नम्बर 6 पर भाजपा ने अंतिम समय तक नाम घोषित नहीं किया था, लेकिन आवेदन कई कार्यकर्ता जमा करा चुके हैं। जालोर जिला प्रमुख की सीट ओबीसी होने से टिकटों पर खींचतान ज्यादा हो रही है। भाजपा की समिति के प्रत्याशियों की सूची पर भी खींचतान चली।

रामाराम की नाराजगी नहीं झेल पाई कांग्रेस

पूर्व जिला परिषद सदस्य रामाराम चौधरी की टिकट कांग्रेस ने काट दी। रामाराम को इसकी भनक लग गई थी, उन्हें नाराज होते देख पार्टी ने उन्हें मनाने के लिए उनकी पत्नी केलम देवी को जिला परिषद की वार्ड 01 की प्रत्याशी बनाई है। वहीं जिला परिषद के वार्ड 37 मिश्रीलाल को प्रत्याशी बनाया है।