कालूराम प्रजापत, भाद्राजून (जालोर). युवा मंडल, भाद्राजून ढाणी के तत्वावधान में गुरुवार को भाद्राजून मुक्तिधाम में स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में 36 कौम के युवा सामूहिक रूप से भाग लेकर श्रमदान करेंगे।
अभियान के तहत भाद्राजून ढाणी एवं मायला मेवासा के प्रत्येक घर से एक व्यक्ति तन, मन और धन से सहयोग लेकर गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को भाद्राजून स्थित श्मशान स्थल (मुक्तिधाम) पहुंचेगा। इस दौरान सामूहिक श्रमदान के माध्यम से साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया जाएगा।
विज्ञापन
विदित है कि भाद्राजून ढाणी का मुक्तिधाम आसपास के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान रखता है। यहां चारदीवारी, भव्य प्रवेश द्वार, छत्री, पक्षियों के चुग्गे के लिए विशेष स्थल, बैठक बेंचे,नीम एवं घने छायादार वृक्षों सहित अनेक फलदार पौधे इसकी सुंदरता और उपयोगिता को बढ़ाते हैं। इसके अलावा सड़क, पानी की व्यवस्था एवं मंदिर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। बेहतर व्यवस्थाओं और हरियाली के कारण यह मुक्तिधाम आसपास के गांवों के लिए भी एक उदाहरण बना हुआ है।
मुक्तिधाम की स्वच्छता, सुंदरता एवं व्यवस्थाओं को बनाए रखना प्रत्येक ग्रामीण की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से युवा मंडल द्वारा यह पहल की जा रही है, ताकि श्रमदान के माध्यम से इस पवित्र स्थल को और अधिक स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके।
भाद्राजून युवा मंडल ने क्षेत्र के सभी ग्रामीणों, युवाओं एवं समाजबंधुओं से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपना योगदान देने की अपील की है।