जालोर. जिला कांग्रेस कमेटी, जालोर की ओर से शनिवार, 14 नवम्बर 2026 को सुबह 11.00 बजे देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर राजीव गांधी भवन, जालोर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुंपावत ने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में नेहरू के अतुलनीय योगदान, त्याग, समर्पण एवं देश की एकता और अखंडता के प्रति उनके संकल्प को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत की नींव रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने तथा शिक्षा, विज्ञान, उद्योग एवं विकास के क्षेत्र में देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके दूरदर्शी नेतृत्व, विचारों एवं आदर्शों से आज भी देशवासी प्रेरणा प्राप्त कर रहे हैं। नेहरू जी का राष्ट्र निर्माण में दिया गया योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
विज्ञापन
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष नैन सिंह राजपुरोहित, जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुंपावत, रमेश सोलंकी,पूर्व सभापति इंदु परिहार, लक्ष्मण सिंह सांखला, कामिनी शर्मा,जैसाराम राठौड़ पार्षद हरीश परमार,सुरेश मेघवाल, मिश्रीमल गहलोत, देवाराम सांखला,अशोक परिहार, अयुब शेख,शहजाद खान, उम्मेद सिंह चारण, ओमप्रकाश चौधरी,कपूराराम परिहार, टीकम माली,कमल सिंह बालावत सहित तमाम कांग्रेसजन उपस्थित रहे।