जालोर. आदिवासी जिला कांग्रेस कमेटी, जालोर के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष नरेश राणा के नेतृत्व में शुक्रवार को मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग को लेकर जालोर कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बांसवाड़ा स्थित मानगढ़ धाम आदिवासी समाज के लिए गौरव, आस्था और बलिदान का ऐतिहासिक प्रतीक है। वर्ष 1913 में मानगढ़ में हुए नरसंहार में बड़ी संख्या में आदिवासी मारे गए थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक और बलिदान से जुड़े स्थल को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा दिया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग उठाई जा रही है, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से इस दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे आदिवासी समाज में रोष है।
जिला अध्यक्ष नरेश राणा ने कहा कि मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करना आदिवासी समाज के सम्मान और गौरव से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार जल्द इस मांग को स्वीकार नहीं करती है तो आदिवासी कांग्रेस की ओर से आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में मुमताज अली सैय्यद, लक्ष्मण सिंह सांखला, ब्लॉक अध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस नरपत राणा, अशोक खरल, विक्रम राणा, प्रवीण राणा, किशन राणा, रामावतार भाटी, सुरेश मेघवाल, बसंत सुथार, बंशीलाल सोलंकी, ब्लॉक अध्यक्ष सायला नरपत राणा, अशोक राणा, कानाराम राणा, लक्ष्मण, जैताराम, टिकमारा, रमेश, श्रवण, उमेश, देवाराम पकाराम सिंह सांखला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।