जालोर. भीनमाल शहर के जाखोब सरोवर के पावन तट पर श्री निमगोरिया खेतलाजी ट्रस्ट, भीनमाल के तत्वावधान में ‘श्रीमाल गौरव–स्नेह मिलन समारोह’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि एवं पार्षदों का स्वागत-अभिनंदन किया गया तथा नगर के विकास को लेकर विभिन्न वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक विद्वानों द्वारा ऋग्वेद के संगठन सूक्त के मंत्रों एवं मंगल श्लोकों के सामूहिक स्वर-पाठ के साथ हुआ। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित, पालिकाध्यक्ष मनोज गुप्ता, भाजपा नगर अध्यक्ष प्रवीण एम. दवे, पूर्व नगर अध्यक्ष महेंद्र सोलंकी, भाजपा नेता खेमराज देवासी, वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद शेखर व्यास, समाजसेवी हकसिंह राव तथा ट्रस्ट अध्यक्ष प्रेमाराम बंजारा सहित शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन प्राथमिकता : मनोज गुप्ता

पालिकाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि नई नगरपालिका बोर्ड जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। पार्षदों एवं नगरवासियों के सहयोग से भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन देने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शहर में लंबे समय से चली आ रही विकास संबंधी कमियों को दूर करने के साथ मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना बोर्ड की प्राथमिकता रहेगी। पिछले करीब 50 वर्षों में विकास से जुड़ी जो कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर करने के लिए प्रयास किए जाएंगे और भीनमाल के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

डबल इंजन सरकार का विकास में मिलेगा लाभ : जसराज राजपुरोहित

भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज राजपुरोहित ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने का लाभ भीनमाल के विकास को मिलेगा। नगर के विकास के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

विज्ञापन

उन्होंने नवनिर्वाचित पार्षदों से दलगत भावना से ऊपर उठकर शहरहित में कार्य करने तथा पालिकाध्यक्ष एवं नगरपालिका अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति देने की अपील की। राजपुरोहित ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित भीनमाल का निर्माण केवल नगरपालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों की भी समान भागीदारी आवश्यक है।

महाकवि माघ और संस्कृत के प्रचार-प्रसार पर चर्चा

वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद शेखर व्यास ने महाकवि माघ की प्रासंगिकता तथा संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर जोर दिया।

ग्रामीण-शहरी समन्वय से विकास पर जोर

प्रवीण एम. दवे, खेमराज देवासी, ग्राम पंचायत कोरा के सरपंच एवं अरविंद बंजारा,हकसिहं के.राव, महेन्द्र सोलंकी, लालाराम परमार ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने की बात कही। वक्ताओं ने विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों के साथ आमजन की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया।

शिक्षा, पर्यावरण और बालिका शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा ट्रस्ट

ट्रस्ट अध्यक्ष प्रेमाराम बंजारा ने कहा कि निमगोरिया क्षेत्रपाल मंदिर भीनमाल की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ट्रस्ट की ओर से प्रतिवर्ष शिक्षा, पर्यावरण, गौ-सेवा एवं बालिका शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह स्नेह मिलन केवल आपसी मिलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि श्रीमाल नगरी के विकास के लिए सामूहिक संकल्प का अवसर है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष व पार्षदों का सम्मान

समारोह के दौरान श्री निमगोरिया खेतलाजी ट्रस्ट की ओर से नगरपालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज गुप्ता, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि लालाराम माली सहित सभी नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. घनश्याम व्यास ने किया। अंत में दिनेश कुमार दवे ने आभार व्यक्त किया। महाप्रसाद वितरण के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ।

ये रहे मौजूद

समारोह में पार्षद जयसिंह राव, पूर्व नगर अध्यक्ष भरतसिंह भोजाणी, पूर्व पार्षद श्यामलाल बोहरा, मनोज गुप्ता (इंजीनियर), नैनाराम चौहान, पारस घांची, दिनेश कुमार नवीन, जोरावरसिंह राव, संजय माथुर, ओमप्रकाश माहेश्वरी, ओमप्रकाश खेतावत, कपूरचंद जीनगर, डॉ. अक्षय बोहरा, राव पहाड़सिंह, श्याम खेतावत, श्यामलाल दवे, सालुराम भाड़का, सुरमसिंह सोलंकी, कालूराम परमार, जगदीश जाट, मनोज अग्रवाल, किशोर सांखला, हकीम खां, मुस्ताक भाई, केसाराम, पारसमल पुजारी, इकबाल खां, महेन्द्र जीनगर, डॉ. दिनेश परमार, राजेन्द्र वैष्णव, मीना शर्मा, कला शर्मा, मंजु वैष्णव, कंचन वैष्णव, रेखा जीनगर, मंजु जीनगर, कोलचंद सौनी, विजयसिंह राव, तेजराज सौनी, शैतान सिंह भाटी, पंकज माली , दीपक देवासी , गोविंद जाट , विक्रमसिंह आर्य, विक्रमसिंह ईराणी, विकास सोलंकी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता, प्रबुद्ध नगरवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।