• निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने उठाई आवाज, इस्तीफे की मांग

जालोर. राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी जालोर की ओर से मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट जालोर के सामने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस सह प्रभारी दिलीप चौधरी एवं पूर्व मंत्री सुखराम विश्नोई ने किया।

जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के सामने एकत्रित हुए। कांग्रेसजनों ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की तथा उनका पुतला दहन किया।

विज्ञापन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सह प्रभारी दिलीप चौधरी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के भीतर कथित अभूतपूर्व मतभेदों को लेकर सामने आई जानकारी गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 महीनों के दौरान दो निर्वाचन आयुक्तों विवेक जोशी एवं सुखवीर सिंह संधू द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के निर्णयों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।

उन्होंने कहा कि इन आपत्तियों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया, नए मतदाताओं को जोड़ने, मतदाता सूचियों से नाम हटाने तथा निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली को दिल्ली में केंद्रीकृत किए जाने जैसे मुद्दों को लेकर पारदर्शिता और प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं के संबंध में दोनों निर्वाचन आयुक्तों को भी पर्याप्त जानकारी नहीं दी जा रही थी।

पूर्व मंत्री सुखराम विश्नोई ने कहा कि सामने आई जानकारी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को लेकर लगातार उठाए जा रहे सवालों को और गंभीर बनाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी लगातार देश को आगाह करते रहे हैं कि चुनावी तंत्र का दुरुपयोग कर सत्तारूढ़ भाजपा को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा पारदर्शिता की कमी लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने मांग की कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सभी सवालों का स्पष्ट एवं सार्वजनिक रूप से जवाब दिया जाए तथा चुनावी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष नैन सिंह राजपुरोहित, सरोज चौधरी, सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली सैय्यद, संगठन महासचिव वीरेंद्र जोशी, जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुंपावत, रमेश सोलंकी, ब्लॉक अध्यक्ष भोमाराम मेघवाल, गजेन्द्र सिंह डोडियाली, ग़लबाराम मीणा, हिन्दू सिंह दूठवा,एस सी जिलाध्यक्ष खसाराम मेघवाल,सुष्मिता गर्ग, केसाराम मेहरा, कामिनी शर्मा, जाकिर खान, पूर्व प्रधान पदमाराम सरगरा,पार्षद बसंत सुथार, लक्ष्मण साखला, पार्षद सुरेश मेघवाल, नरेश राणा,हरीश परमार,गोपेश कुमार, रिंकु देवी, भंवरलाल मेघवाल, महेन्द्र सोनगरा, भानुप्रताप पटेल , सुरेश चौधरी, खीमांराम चौधरी, अनिल पंडत, लक्ष्मीकांत दवे, पुखराज माली, कपिल दवे, अब्दुल रज्जाक,अशोक मेघवाल, अनोप सिंह, लियाकत अली, दिलीप माली,कमल सिंह उम्मेद सिंह, गोविन्द मेघवाल, इंद्र कुमार, सुरेश साहू सहित तमाम कांग्रेसजन उपस्थित थे ।