- संगठन की मजबूती और बूथ स्तर की तैयारियों पर जोर
- प्रत्याशी सरोज चौधरी की मौजूदगी में हुई महत्वपूर्ण बैठक
जालोर. नगर निकाय चुनाव को लेकर आहोर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस की ओर से नगर में चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सरोज चौधरी की मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि नगर निकाय चुनाव स्थानीय स्तर पर जनता से सीधे जुड़े मुद्दों का चुनाव होता है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को वार्ड स्तर पर आमजन से संपर्क कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना होगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और जनता से सीधा जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया।
विज्ञापन
सवाराम पटेल ने कहा कि नगर के विकास और आमजन से जुड़े मुद्दों को चुनाव अभियान का प्रमुख आधार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करें और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं में आपसी एकजुटता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
संगठन महासचिव वीरेन्द्र जोशी ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन की सक्रियता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने बूथ एवं वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपकर योजनाबद्ध तरीके से चुनाव अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मजबूत टीम भावना के साथ कांग्रेस चुनाव में प्रभावी तरीके से अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगी।
ब्लॉक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह डोडियाली ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में प्रत्येक वार्ड महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वार्डवार मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और स्थानीय समस्याओं को चुनावी मुद्दों के रूप में सामने लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता का विश्वास कांग्रेस की ताकत बनेगा।
नगर अध्यक्ष भंवरलाल छीपा ने कहा कि कार्यालय के माध्यम से चुनावी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा। कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर वार्ड स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।
बैठक में प्रत्याशी सरोज चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि नगर की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और विकास के लिए प्रभावी आवाज उठाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और एकजुटता के साथ चुनावी अभियान में जुटने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान आगामी दिनों में जनसंपर्क अभियान, वार्ड स्तर की बैठकें, बूथ प्रबंधन और मतदाताओं से सीधा संवाद बढ़ाने को लेकर भी रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान कई दावेदारो ने वार्ड पार्षद के लिए अपनी उम्मीदवारी जताई ,जिसमें से 55 लोगो ने आवेदन कर कांग्रेस पार्टी से टिकट की मांग की। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी बस्तीमल चौहान, जिला उपाध्यक्ष मांगीलाल प्रजापत, जिला सचिव कुशाल सिंह राजपुरोहित, पूर्व जिला उपाध्यक्ष आमसिंह परिहार, उपप्रधान अमृत प्रजापत, मंडल अध्यक्ष जोगेन्द्रसिंह, प्रेमसिंह मीठड़ी,हस्तीमल सुथार, पंचायत समिति सदस्य मांगीलाल चौधरी, लुणाराम हंस, नारायणी देवी, अम्बालाल सुथार, नारायणसिंह,चंदन रावल,समीर पठान,ताराराम चौधरी,जामताराम सुथार,शेषाराम परिहार, महेन्द्र रावल, इन्द्र कुमार, कुयाराम चौधरी,भगवत सिंह,घीसू खां, दलपत सिंह, पृथ्वीसिंह, सांवलाराम प्रजापत,ओखाराम जीनगर, गणेश,जयंतीलाल छीपा,थानाराम, सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।