जालोर. इफको जालोर के तत्वावधान में केन्द्रीय सहकारी बैंक, जालोर में सहकारी व्यवस्थापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जालोर, सायला एवं आहोर ब्लॉक की विभिन्न सहकारी समितियों के व्यवस्थापकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में इफको नई दिल्ली के निदेशक रामनिवास गडवाल ने इफको संस्थान तथा सहकारिता में नवाचारों एवं ‘सहकारिता में सहकार, सहकार से समृद्धि’ की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इफको राज्य विपणन प्रबंधक राजस्थान पृथ्वीराज सियाग ने जिले में रबी सीजन के दौरान उर्वरक आपूर्ति श्रृंखला के संबंध में जानकारी दी।
विज्ञापन
इफको जयपुर के डॉ. अजय प्रताप सिंह ने इफको के विभिन्न नवीन उत्पादों तथा सहकारी समितियों के व्यवसाय वर्गीकरण के लिए कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक नारायणसिंह चारण ने सहकारी समितियों में इफको द्वारा किए जा रहे नवाचार, इफको किसान फाइनेंस के माध्यम से ऋण सुविधा एवं नैनो उर्वरक के संबंध में जानकारी दी।
उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, जालोर सुनील वीरभान ने उर्वरक आपूर्ति श्रृंखला में आ रही समस्याओं से इफको अधिकारियों को अवगत कराया। इफको किसान फाइनेंस, नई दिल्ली के अभिषेक कुमार ने किसानों को उपलब्ध कराए जाने वाले ऋण संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन इफको जालोर के क्षेत्रीय अधिकारी श्रेयांश गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर बैंक के अतिरिक्त अधिशाषी अधिकारी सुभाषचन्द्र, हिंगलाजदान चारण, जमना मेघवाल, नरेन्द्र कुमार, ब्लॉक निरीक्षक गेनाराम सहित विभिन्न सहकारी समितियों के व्यवस्थापक उपस्थित रहे।