जालोर. आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से संचालित सही खानपान, स्वस्थ राजस्थान अभियान के तहत जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित निरीक्षण एवं जांच की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार मीना द्वारा जालौर शहर स्थित रिलायंस स्मार्ट पॉइंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में 100 किलो से अधिक सड़ी-गली एवं खराब सब्जियां तथा फल पाए गए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार मीना द्वारा मौके पर ही कार्रवाई करते हुए मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त उक्त सब्जियों एवं फलों को नष्ट करवाया गया। साथ हीं निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत प्रतिष्ठान को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया तथा निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
इसी क्रम में जालौर मार्ट का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बिना वैध लाइसेंस खाद्य सामग्री की रिपैकिंग करने तथा बिना निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि अंकित खाद्य सामग्री की बिक्री किए जाने संबंधी कमियां पाई गईं। इस पर खाद्य सुरक्षा दल द्वारा संबंधित प्रतिष्ठान को भी इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। साथ ही बिना आवश्यक लाइसेंस खाद्य सामग्री की रिपैकिंग करने तथा बिना मैन्युफैक्चरिंग डेट एवं एक्सपायरी डेट अंकित खाद्य सामग्री की बिक्री करने पर रोक लगाने के लिए पाबंद किया गया।
उन्होंने बताया कि सही खानपान, स्वस्थ राजस्थान अभियान के तहत आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है।