जालोर. जिले के प्रसिद्ध सिरे मंदिर की तलहटी के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा टल गया। हालांकि, इस दुर्घटना में कार चला रहे और उसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जालोर रेफर किया गया है।

विज्ञापन

अचानक सामने आया जानवर, बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6 बजे कुछ युवक कार चलाना सीख रहे थे। इसी दौरान अचानक गाड़ी के सामने एक जानवर (पशु) आ गया। जानवर को बचाने की कोशिश में चालक ने स्टेयरिंग से नियंत्रण खो दिया और बेकाबू हुई कार सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

निजी वाहन से पहुंचाया गया अस्पताल

हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़ पड़े और भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए बिना एम्बुलेंस का इंतजार किए, तुरंत दोनों घायलों को एक निजी वाहन से जालोर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज जारी है।

विज्ञापन

वहीं, हादसे के बाद मार्ग पर यातायात बाधित हुआ, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सुचारू किया गया। बाद में दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की सहायता से मौके से हटवाया गया।

पुलिस में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं

इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय पुलिस थाने में फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस अपने स्तर पर घटना की जानकारी जुटा रही है।