जालोर. जिला कांग्रेस कमेटी जालोर की ओर से गुरुवार शाम 6:30 बजे राजीव गांधी भवन जालोर में नगर परिषद जालोर के नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति, पार्षदों एवं कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नवनिर्वाचित सभापति बंशीलाल माली, उपसभापति मुमताज अली सैय्यद सहित नवनिर्वाचित पार्षदगण एवं कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों का माला एवं साफा पहनाकर तथा कांग्रेस पार्टी का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। वहीं कांग्रेस पार्टी को समर्थन देने वाले निर्दलीय पार्षद बसंती देवी एवं नर्मदा देवी का भी स्वागत-सम्मान किया गया।
जनता ने विकास के लिए कांग्रेस को दिया जनादेश : पाराशर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राज्य मंत्री पुखराज पाराशर ने कहा कि जालोर नगर परिषद में विगत 12 वर्षों से भाजपा का बोर्ड रहा है और पिछले तीन वर्षों से प्रदेश में भी भाजपा की सरकार है, लेकिन इसके बावजूद शहर के विकास की अपेक्षा अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जनता में नाराजगी रही है। शहर की सड़कें, नालियां, सीवरेज, सफाई सहित मूलभूत सुविधाओं को लेकर आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि सुंदेलाव तालाब जालोर की पहचान और धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन इसकी सफाई और इसके धार्मिक महत्व को भी भाजपा शासन में अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि अब जनता ने कांग्रेस को जनादेश देकर शहर के विकास की जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस बोर्ड जनभावनाओं के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगा।
विज्ञापन
पाराशर ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं की ओर से कांग्रेस पार्षद प्रत्याशियों को परेशान करने का प्रयास किया गया, लेकिन कांग्रेस के प्रत्याशी डरे नहीं और निडरतापूर्वक चुनाव मैदान में डटे रहे। उन्होंने सभापति, उपसभापति एवं सभी पार्षदों से अपील की कि वे प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनके त्वरित समाधान के लिए कार्य करें।
संगठन की एकजुटता से मिली सफलता : रमिला मेघवाल
जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर मेहनत की और जनता ने कांग्रेस के पक्ष में विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने नवनिर्वाचित सभापति, उपसभापति एवं पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधि दलगत भावना से ऊपर उठकर जालोर शहर के प्रत्येक वार्ड के विकास के लिए कार्य करें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन शहर के विकास एवं आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए नगर परिषद के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का भी आभार व्यक्त किया।
जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे : सभापति बंशीलाल माली
नवनिर्वाचित सभापति बंशीलाल माली ने सम्मान समारोह के लिए जिला कांग्रेस कमेटी एवं पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जालोर की जनता ने कांग्रेस पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। सड़क, नाली, सफाई, सीवरेज, रोशनी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाएगा।
कांग्रेस बोर्ड शहर के विकास को देगा नई गति : मुमताज अली
उपसभापति मुमताज अली सैय्यद ने कहा कि नगर परिषद में कांग्रेस बोर्ड के गठन के साथ शहर के विकास को नई गति मिलेगी। कांग्रेस के सभी पार्षद मिलकर जनता की समस्याओं का समाधान करवाने तथा प्रत्येक वार्ड में आवश्यक विकास कार्य करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जालोर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर परिषद के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम को पूर्व जिलाध्यक्ष नैन सिंह राजपुरोहित, आहोर कांग्रेस प्रत्याशी सरोज चौधरी एवं जिला उपाध्यक्ष जुल्फिकार अली भुट्टो ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने किया।
इस अवसर पर सवाराम पटेल, इशरराम विश्नोई, वीरेंद्र जोशी, भोमाराम मेघवाल, सवाई सिंह चंपावत, खसाराम मेघवाल, रमेश सोलंकी, शोभा सुन्देशा, सुष्मिता गर्ग, बसंत सुथार, लक्ष्मण साखला, सुल्तान खान भाटी, कामिनी शर्मा, गीता श्री मेघवाल, महेंद्र सोनगरा, आम सिंह परिहार, दीपक मेघवाल, जवानाराम माली, शीला चौधरी, अनिल पंडत, कृष्ण कुमार वाणिका, धीरज गुर्जर सहित तमाम पार्षद, पार्षद प्रत्याशी एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।