जालोर. राजस्थान में पंचायत चुनावों की घोषणा हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग 4 चरणों में चुनाव संपन्न कराएगा। जालोर जिले में प्रथम चरण को छोड़कर शेष तीन चरणों में चुनाव होंगे। जिले में कुल 14 लाख 06 हजार 40 वोटर्स हैं इनमें 6 लाख 68 हजकर 378 महिलाएं और 7 लाख 37 हजार 656 पुरुष, 6 थर्ड जेंडर भी अपने मत का प्रयोग करेंगे।

जिले में कुल 14 पंचायत समितियों में 433 सरपंच और 4187 वार्ड पंचों के चुनाव होंगे। जिले में कुल 14 पंचायत समिति हैं। इनमें से 2 ओबीसी, 3 एससी, 1 एसटी के लिए आरक्षित हैं। जबकि 8 अनारक्षित हैं। इसमें 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए हैं।

कब कहाँ-कहाँ होंगे चुनाव

जालोर जिले में पंचायत राज चुनाव तीन चरणों में होंगे, प्रथम चरण में जालोर में चुनाव नहीं होंगे, दूसरे चरण में भीनमाल, जसवन्तपुरा, सायला, आहोर, भाद्राजून, जालोर व उम्मेदबाद पंचायत क्षेत्र में चुनाव होंगे। तीसरे चरण में सांचौर, चितलवाना भादरुणा व सरवाना और चौथे चरण में रानीवाड़ा, बागोड़ा व सरनाऊ पंचायत क्षेत्र के चुनाव होंगे।

महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण

सरपंच और वार्ड पंचों के चुनाव मतपत्रों से होंगे। पंच-सरपंच उम्मीदवार इस बार 24 घण्टे से भी कम समय में प्रचार कर पाएंगे। पंचायत समिति मेंबर और जिला परिषद मेंबर के चुनाव ईवीएम से होंगे। महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण है।

विज्ञापन

आयोग के चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के साथ ही ग्रामीण इलाकों में आचार संहिता लग गई। तबादलों पर पाबंदी लग गई। मंत्री अब अपने इलाकों में सरकारी गाड़ी से नहीं जा सकेंगे और सरकारी गेस्ट हाउस व डाक बंगलों में नहीं ठहर सकेंगे।

सरकार नई योजनाओं और कार्यक्रमों की घोषणा नहीं कर सकेगी। पहले से चल रहे काम जारी रह सकेंगे, जिन टेंडरों का काम पहले से प्रक्रिया में है, उन पर रोक नहीं होगी। आचार संहिता में ऐसी कोई सरकारी घोषणा नहीं हो सकती जिससे वोटर प्रभावित हो।

जिला परिषद सदस्यों के लिए 8 अक्टूबर से अधिसूचना जारी

जालोर जिले के 43 जिला परिषद सदस्यों के लिए 8 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। साथ ही 13 अक्टूबर 3 बजे तक नामांकन करने की अंतिम तिथि होगी। जबकि 15 अक्टूबर को चुनाव चिन्ह आवंटित होंगे। इसके बाद मतदान पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के दौरान ही करना होगा।

यहां दूसरे चरण में होगा मतदान 

 भीनमाल, जसवन्तपुरा, सायला, आहोर, भाद्राजून, जालोर व उम्मेदबाद में दूसरे चरण में मतदान होगा। यहां पंचायत समिति सदस्यों के लिए 13 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। 16 अक्टूबर को नामांकन की अंतिम तिथि रहेगी। 19 अक्टूबर को चुनाव चिन्ह आवंटित होंगे। इन क्षेत्रों में 29 अक्टूबर को पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान होंगे। इन्हीं पंचायत समिति क्षेत्रों के सरपंच व पंचों के नामांकन 30 अक्टूबर को होंगे। जबकि 31 अक्टूबर को मतदान व शाम को पंच व सरपंच की मतगणना होगी।

यहां तीसरे चरण में होगा मतदान

तीसरे चरण में सांचौर, चितलवाना भादरुणा व सरवाना पंचायत क्षेत्र में तीसरे चरण में चुनाव होंगे। यहां 19 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। 23 अक्टूबर 3 बजे तक नामांकन की अंतिम तिथि तथा 26 अक्टूबर को चुनाव चिन्ह आवंटित होंगे। जबकि 4 नवम्बर को पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान होगा। वहीं इन क्षेत्रों में 5 नवंबर को पंच सरपंच के नामांकन व 6 नवम्बर को मतदान होगा।

इन जगहों पर चौथे चरण में चुनाव

चौथे चरण में रानीवाड़ा, बागोड़ा व सरनाऊ पंचायत क्षेत्र के चुनाव होंगे। यहां 31 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। 4 नवम्बर को नामांकन की अंतिम तिथि व 6 नवम्बर को चुनाव चिन्ह मिलेंगे। जबकि इन क्षेत्रों के पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान 14 नवम्बर को होंगे। 15 नवम्बर को इन क्षेत्रों में सरपंच व पंचों के लिए नामांकन होगा। जबकि 16 नवम्बर को मतदान होगा। साथ ही शाम को मतगणना भी होगी।

20 नवम्बर को होगी मतगणना

जिले के सभी चरणों के जिला परिषद सदस्यों व पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवम्बर 2026 को होगी। इसके बाद 25 नवम्बर को जिला प्रमुख, 26 नवम्बर को उपजिला प्रमुख, 27 को प्रधान व 28 नवम्बर को उपप्रधान के चुनाव होंगे।