जालोर । पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत सोमवार को जिले में पंच एवं सरपंच पदों के लिए हुए मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक ओम प्रकाश जैन (आईएएस) ने जिले की 12 ग्राम पंचायतों के 47 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बाली, जूनी बाली, डूंगरवा, मेडा, नरसाणा, धुम्बडिया, बागोड़ा, सरनाऊ, सांकड़, सेवाड़ा एवं राउता सहित 12 ग्राम पंचायतों के 47 मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा मतदान दलों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
पर्यवेक्षक जैन ने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, मतदाताओं की आवाजाही तथा मतदान कार्मिकों द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध करवाई गई विशेष सुविधाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि किसी भी मतदाता को मतदान करने में असुविधा न हों।
निरीक्षण के दौरान पर्यवेक्षक ओम प्रकाश जैन ने मतदान केन्द्रों पर मौजूद मतदाताओं से संवाद कर मतदान संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक एवं जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मतदाताओं द्वारा मतदान के लिए उपयोग में लिए जा रहे परिचय पत्रों की भी मौके पर जांच की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग द्वारा मान्य परिचय पत्रों के आधार पर प्रत्येक मतदाता की पहचान पूरी तरह सुनिश्चित करने के बाद ही मतदान करवाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार के फर्जी अथवा बोगस मतदान की संभावना को रोका जा सके और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन सुनिश्चित हो।
पर्यवेक्षक ने मतदान समाप्ति के बाद मौके पर ही संपन्न होने वाली मतगणना के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना संबंधी आवश्यक बंदोबस्तों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण रखी जाएं, ताकि मतदान समाप्ति के उपरांत मतगणना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
विज्ञापन
उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने तथा अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर उपयोग करने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को मतदान समाप्ति तक व्यवस्थाओं की सतत निगरानी रखने, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित रहे।