- जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रकोष्ठ प्रभारियों की ली बैठक, आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
जालोर । जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंड़े की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रट सभागार में आगामी 9 एवं 11 सितंबर को होने वाले नगर निकाय आम चुनाव 2026 हेतु गठित विभिन्न प्रकोष्ठों की बैठक संपन्न हुई।
विज्ञापन
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर निकाय चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न करवाएं। उन्होंने नगर निकाय चुनाव के तहत गठित चुनाव प्रकोष्ठों द्वारा वर्तमान तक की गई चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने चुनाव प्रकोष्ठ के अधिकारियों से नगर निकाय चुनाव के मतदान केन्द्रो पर निर्बाध विद्युत व्यवस्था, मतदाताओं हेतु पेयजल व्यवस्था, शेड व्यवस्था एवं दिव्यांग वोटर्स के लिए रैम्प व्यवस्था आदि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आदर्श आचार संहिता की पालना, सामान्य व्यवस्था एवं प्रबंधन, मतदान दलों हेतु प्रशिक्षण, कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात व्यवस्था हेतु वाहनों के अधिग्रहण, चुनाव सामग्री तैयार करने, नियंत्रण कक्ष, वीडियोग्राफी, ईवीएम रख-रखाव आवंटन, मतदान दलों के गठन रैंडमाइजेशन, चुनाव निर्देशिका तैयार करने, मीडिया प्रकोष्ठ, डाक मतपत्र व्यवस्था, निर्वाचन व्यय निगरानी रखने सहित सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने हेतु प्रकोष्ठ प्रभारियों को निर्देश दिए तथा सफल एवं शांतिपूर्ण नगरीय चुनाव संपन्न करवाने की बात कही।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह चांदावत, जिला परिषद के सीईओ नंदकिशोर राजोरा, एसीईओ चिदम्बरा परमार, एसीईओ विशाल छीपा, जालोर उपखंड अधिकारी मनोज चौधरी सहित विभिन्न चुनाव प्रकोष्ठों के अधिकारी-कार्मिक उपस्थित रहे।