पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के लिए 247 बसों एवं 96 छोटे वाहनों का किया गया अधिग्रहण
जालोर । पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत जिले की पंचायत समिति जालोर, भीनमाल, जसवंतपुरा, आहोर, उम्मेदाबाद, सायला एवं भाद्राजून में होने वाले निर्वाचन के सुचारू संचालन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे के निर्देशानुसार कुल 247 बसों एवं 96 छोटे वाहनों का अधिग्रहण किया गया है।
विज्ञापन
जिला परिवहन अधिकारी ओम प्रकाश चौधरी ने बताया कि अधिग्रहित बसों का उपयोग मतदान दलों के परिवहन तथा छोटे वाहनों का उपयोग जोनल मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के आवागमन के लिए किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छोटे वाहनों को 24 अक्टूबर, 2026 तथा बसों को 25 अक्टूबर, 2026 को सायं 5 बजे तक स्टेडियम ग्राउंड, जालोर में अनिवार्य रूप से रिपोर्ट करना होगा, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए वाहनों की समय पर उपलब्धता एवं रवानगी सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने समस्त संबंधित वाहन स्वामियों एवं चालकों को निर्देशित किया है कि वे अधिग्रहण आदेश की पालना करते हुए निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने वाहन स्टेडियम ग्राउंड, जालोर में प्रस्तुत करें। निर्वाचन कार्य के लिए वाहनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। निर्धारित समय पर वाहन प्रस्तुत नहीं करने अथवा अधिग्रहण आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 116(8) के तहत एक वर्ष तक के कारावास या जुर्माने अथवा दोनों से दंडनीय कार्रवाई की जा सकती है। इसके अतिरिक्त, मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 86 के तहत परमिट निलंबन अथवा निरस्तीकरण सहित अन्य विधिक कार्रवाई भी नियमानुसार की जा सकती है।