47 हजार प्लेटलेट्स और एमनियोटिक फ्लूइड की कमी के बावजूद हाई रिस्क प्रेग्नेंसी का सफल सामान्य प्रसव, जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ
जालोर। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र जालोर में चिकित्सकीय टीम ने एक हाई रिस्क प्रेग्नेंसी का सफल सामान्य प्रसव करवाया। गर्भवती महिला का यह प्रथम प्रसव था। जांच के दौरान महिला का प्लेटलेट काउंट मात्र 47 हजार पाया गया, वहीं सोनोग्राफी रिपोर्ट में गर्भस्थ शिशु के आसपास एमनियोटिक फ्लूइड की मात्रा भी कम पाई गई थी। इन जटिल परिस्थितियों के बावजूद डॉ. राकेश मेवाड़ा एवं चिकित्सकीय टीम ने विशेष सतर्कता, सूझबूझ एवं कुशल चिकित्सकीय प्रबंधन के साथ सफल सामान्य प्रसव करवाया। प्रसव के बाद जच्चा एवं बच्चा दोनों स्वस्थ रहे तथा आवश्यक देखभाल के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
विज्ञापन
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेदप्रकाश मीना ने बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। हाई रिस्क गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान, नियमित निगरानी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार से जटिल परिस्थितियों में भी सुरक्षित प्रसव संभव हो पा रहे हैं।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश मेवाड़ा ने बताया कि गर्भवती महिला 25 नवंबर को प्रसव पीड़ा के साथ एमसीएच में भर्ती हुई थी, महिला का यह पहला प्रसव था तथा प्लेटलेट्स की संख्या मात्र 47 हजार होने और सोनोग्राफी में एमनियोटिक फ्लूइड की कमी पाए जाने के कारण केस गंभीर था। ऐसी स्थिति में विशेष सतर्कता एवं चिकित्सकीय टीम द्वारा सभी आवश्यक सावधानियां बरतते हुए सफल सामान्य प्रसव करवाया गया। प्रसव के बाद मां और शिशु दोनों की स्थिति सामान्य रही। आवश्यक देखभाल के बाद दोनों को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इस दौरान नर्सिंग अधिकारी अर्जुन, नरेंद्र सिंह, रंजना शर्मा, पुष्पा एवं भाग्यवंती का सहयोग रहा।