जालोर के दूसरे ओबीसी के जिला प्रमुख बने आसुराम देवासी, डीडीटी की खबर पर लगी मुहर
- जालोर में 43 में से 31 सीट कांग्रेस और 12 सीट भाजपा जीती
जालोर। पंचायतराज के तहत हुए चुनाव में जालोर में करीब तीस साल बाद ओबीसी का जिला प्रमुख बना है। यह मौका कांग्रेस ने पाया है। कांग्रेस इस बार जिला परिषद की 43 में से 31 सीट जीतकर बहुमत में आई है जबकि 12 सीट भाजपा जीती है। यहां भाजपा से हरदानाराम ने नामांकन किया है, जबकि कांग्रेस ने आसुराम देवासी को मौका दिया। बहुमत के लिहाज से आसुराम देवासी का जिला प्रमुख बन गए है। एक भी वोट क्रॉस नहीं हुआ। उल्लेखनीय है कि डीडीटी हिंदी डॉट कॉम ने पूर्व में ही आसुराम देवासी के जिला प्रमुख बनने की खबर प्रकाशित कर स्पष्ट कर दिया था, जिसमें बताया था कि क्यों दावेदारी मजबूत है। आखिरकार पार्टी ने भी आसूराम पर विश्वास जताया।
1995 में बने थे पहले ओबीसी के जिला प्रमुख
जालोर जिले में दूसरी बार ओबीसी से जिला प्रमुख बने है। इससे पहले करीब तीस वर्ष पहले 1995 में ठाकराराम कलबी ओबीसी से जिला प्रमुख बने थे। वे भी कांग्रेस से जिला प्रमुख बने थे और इस बार आसुराम देवासी भी कांग्रेस से जिला प्रमुख बने हैं। वहीं इससे पहले वर्ष 2015 व 2020 में लगातार भाजपा से जिला प्रमुख बने थे।
अब तक ये रहे जालोर से जिला प्रमुख
जालोर जिला परिषद से अब तक मालमसिंह, देवीसिंह, मंगलसिंह, गणपतसिंह, ठाकराराम कलबी, उकसिंह देवल, नारायणसिंह देवल, मंजू मेघवाल, जसवंत कंवर, वन्नेसिंह गोहिल व राजेश राणा जालोर के जिला प्रमुख रह चुके हैं।
इसलिए बनी आसूराम देवासी के नाम पर आम सहमति

जिला परिषद चुनाव में मतगणना में कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस में ओबीसी ओपन सीट पर जिला प्रमुख बनने के लिए कलबी समाज, विश्नोई समाज व देवासी समाज के सदस्यों ने दावेदारी जताई, लेकिन सभी समीकरणों को देखते हुए प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने आखिरकार आसुराम देवासी के नाम पर अंतिम मुहर लगाई।
विज्ञापन
आसुराम देवासी वार्ड इस बार वार्ड संख्या 25 से जिला परिषद के सदस्य बने हैं। आसुराम देवासी 1995 में कांग्रेस से जुड़े और सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। आसुराम बोरटा ग्राम पंचायत से दो बार सरपंच रह चुके हैं। पूर्व में एक बार जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं। साथ ही संगठन में भीनमाल के ब्लॉक अध्यक्ष रहे। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष भी रहे। वहीं देवासी समाज सेवा संस्था जालोर के अध्यक्ष भी हैं और समाज की अन्य संस्थाओं में भी पदाधिकारी के रूप में काम कर चुके हैं। पार्टी में सक्रियता, संगठन का अनुभव और समाज से प्रतिष्ठित जुड़ाव के कारण आसुराम देवासी का पलड़ा भारी रहा है।
मतदान के एकजुट दिखी जालोर कांग्रेस
जिला प्रमुख के मतदान के दौरान जालोर कांग्रेस ने एकजुटता का परिचय दिया। यहां जालोर कांग्रेस संगठन प्रभारी सुमन यादव, जिलाध्यक्ष रमीला मेघवाल, भीनमाल विधायक डॉ समरजीतसिंह, रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी, पूर्व मंत्री सुखराम विश्नोई, पुखराज पाराशर, सरोज चौधरी, हिमपालसिंह देवल समेत नेता मौजूद रहे।