पंचायतीराज आम चुनाव-2026 : द्वितीय चरण में जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न
- बुजुर्ग, महिला, युवा व दिव्यांगों सहित मतदाताओं ने बढ-चढ़कर किया मतदान
- मतदान केन्द्रों पर व्हीलचेयर सहित छाया, पानी एवं सुरक्षा की रही पर्याप्त व्यवस्था
- उत्साह के साथ मतदान केन्द्रों पर पहुंचे मतदाता
जालोर । पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के अंतर्गत जिले में बुधवार को द्वितीय चरण में पंचायत समिति आहोर, जालोर, भाद्राजून, सायला, भीनमाल, उम्मेदाबाद व जसवंतपुरा में जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य के मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुए। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक प्राप्त हुए आंकडों के अनुसार पंचायत समिति आहोर में 51.42 प्रतिशत, पंचायत समिति जालोर में 51.17 प्रतिशत, पंचायत समिति भाद्राजून में 52.90 प्रतिशत, पंचायत समिति सायला में 56.95 प्रतिशत, पंचायत समिति भीनमाल में 51.02 प्रतिशत, पंचायत समिति उम्मेदाबाद में 50.50 प्रतिशत व पंचायत समिति जसवंतपुरा में 52.59 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। वहीं जिले में जिला परिषद जालोर की कुल 43 वार्डों में से 23 वार्डों के लिए शाम 6 बजे तक प्राप्त हुए आंकडों के अनुसार 52.45 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया।
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में जिले की 7 पंचायत समितियों में बुधवार को सुबह से ही उत्साह के साथ मतदाता मतदान केन्द्रों पर पहुंचे, साथ ही बुजुर्ग, महिला, युवा व दिव्यांगों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया।
विज्ञापन
मतदान केन्द्रों पर दिव्यांगों व अति वृद्ध मतदाताओं के लिए रही व्हील चेयर की सुविधा

पंचायतीराज आम चुनाव के दौरान मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग एवं अति वृद्ध मतदाताओं के लिए व्हील चेयर की सुविधा उपलब्ध करवाई गई, ताकि वे सुगमता से मतदान कर सके। साथ ही स्वयंसेवक रूप में एनसीसी एवं स्काउट के बच्चों ने बुजुर्गों एवं दिव्यांगों की सहायता की।
पहली बार वोट दे रहे युवाओं में दिखा विशेष उत्साह एवं उमंग
पंचायतीराज आम चुनाव 2026 में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिला। युवक एवं युवतियों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान कर लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित किया।